Logo
election banner
DK Suresh separate country Remark: कर्नाटक के कांग्रेस सांसद डीके सुरेश के ' अलग देश' वाले बयान पर भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि मेरा मानना है कि राहुल गांधी इस मामले पर चुप हैं। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरा मानना है कि ऐसे इंसान को एक मिनट भी सांसद रहने का हक नहीं है।

DK Suresh separate country Remark: कांग्रेस सांसद डीके सुरेश के 'अलग देश' वाले बयान पर भाजपा ने अब कांग्रेस पर निशाना साधा है। वहीं, कांग्रेस के नेता बैकफुट पर नजर आ रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस के सांसद डीके सुरेश ने दक्षिण भारत के लिए अलग देश बनाने की मांग कर दी। इसके बावजूद राहुल गांधी ने इस पर अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

उप मुख्यमंत्री के भाई भारत तोड़ने की बात कर रहे 
रविशंकर प्रसाद ने क कि डीके सुरेश के बयान पर सोनिया गांधी भी खामोश हैं और कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी कुछ नहीं बोला है। मेरा मानना है कि डीके सुरेश को एक मिनट के लिए भी एमपी रहने का हक नहीं है। एक ओर राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर कर्नाटक के प्रदेश अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री के छोटे भाई भारत तोड़ने की बात कर रहे हैं।

इंडिया गठबंधन पर भी साधा निशाना 
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस के नेता हर दिन हमारे प्रधानमंत्री को मन भर गाली देते हैं। कभी कहते हैं कि प्रधानमंत्री तानाशाह हैं और चुनाव नहीं होने देंगे। यह लोग रोज संविधान की दुहाई देते हैं। एक सांसद जो कि कर्नाटक कांग्रेस के मजबूत स्तंभ हैं, वह कह रहे हैं कि कर्नाटक को अलग राष्ट्र बनाया जाए। क्या राजनीतिक फायदे के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी इस स्तर पर आ जाएगी। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने भी डीके सुरेश के इस असंवैधानिक बयान पर कुछ नहीं कहा है। 

कांग्रेस डीके सुरेश के बयान के समर्थन में नहीं
इस बीच कांग्रेस के सांसद मणिक्कम टैगौर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है। कांग्रेस ने इस देश के लिए बहुत सारी चीजों की कुर्बानी दी है। देश के लोग भी कांग्रेसी पार्टी के बलिदान को समझते हैं। हमारे पास महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू और सरदार पटेल की विरासत है। हमारे किसी भी मित्र की ओर से इस तरह के बयान को स्वीकार नहीं किया जा सकता। यह एक व्यक्तिगत बयान हो सकता है, लेकिन पार्टी ऐसे बयान को मान्यता नहीं देती। 

क्या कहा था डीके सुरेश ने
डीके सुरेश ने गुरुवार को अंतरिम बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए देश को बांटने वाला बयान दिया था। कांग्रेस सांसद ने कहा था कि इस केंद्र सरकार ने दक्षिण भारत को मिलने वाले फंड को उत्तर भारत के राज्यों में डायवर्ट कर दिया गया है। अब हमारे पेश दक्षिण भारत के लिए अलग राष्ट्र बनाने की मांग करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। हालांकि मामले के तूल पकड़ने के बाद डीके सुरेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सफाई दी। डीके सुरेश ने कहा कि मैं सिर्फ कर्नाटक के साथ हो रहे अन्याय की बात कर रहे थे। मुझे भारतीय और कन्नड़िगा होने पर गर्व है। 

5379487