Logo
Chandrababu Naidu Oath: आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने मंगलवार, 11 जून को चंद्रबाबू नायडू को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश के नए सीएम और पवन कल्याण डिप्टी सीएम होंगे।

Chandrababu Naidu Oath: मंगलवार, 11 जून को तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के प्रदेश अध्यक्ष के. अत्चन्नायडू, भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डी. पुरंदेश्वरी, जनसेना पार्टी (JSP) की राजनीतिक मामलों की समिति के अध्यक्ष एन. मनोहर ने आंध्र प्रदेश के राज्यपाल अब्दुल नजीर से मुलाकात की और सभी ने सरकार बनाने का दावा पेश किया। एनडीए के सभी नेताओं ने राज्यपाल को सूचित किया कि उन्होंने सर्वसम्मति से टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को अपना नेता चुना है।

राज्यपाल से मिले चंद्रबाबू नायडू
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने टीडीपी प्रमुख और मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत एन चंद्रबाबू नायडू को राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। शपथ ग्रहण समारोह कल गन्नवरम में होगा।

सर्वसम्मति से चंद्रबाबू नायडू को चुना गया एनडीए का नेता
एनडीए के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में सर्वसम्मति से चंद्रबाबू नायडू को अपना नेता चुना गया। जन सेना नेता पवन कल्याण ने गठबंधन के नेता के रूप में चंद्रबाबू नायडू के नाम का प्रस्ताव रखा। इसके बाद पुरंदेश्वरी और अच्चन्नायडू ने टीडीपी, जन सेना और भाजपा के सभी विधायकों के साथ प्रस्ताव का समर्थन किया।

शपथ ग्रहण में शामिल होंगे एनडीए के कई दिग्गज नेता
चंद्रबाबू नायडू बुधवार, 12 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। जबकि, जनसेना प्रमुख पवन कल्याण उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। राज्यपाल विजयवाड़ा के गन्नावरम हवाई अड्डे के पास केसरपल्ली आईटी पार्क में आयोजित समारोह में चंद्रबाबू नायडू को सीएम पद की शपथ दिलाएंगे। कहा जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ एनडीए के कई अन्य दिग्गज नेता शामिल होंगे।

एनडीए ने आंध्र प्रदेश में 164 सीटें जीती
टीडीपी, जन सेना और भाजपा ने इस बार मिलकर आंध्र प्रदेश में विधानसभा का चुवान लड़े। 175 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए ने 164 सीटें जीत ली। इसमें टीडीपी ने अकेले 135 विधानसभा सीटें जीतीं, जबकि भाजपा ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, पवन कल्याण की पार्टी जनसेना ने 21 सीटें जीतने में कामयाब रही। इसके अलावा, लोकसभा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए एनडीए ने 25 लोकसभा सीटों में से 21 सीटों पर कब्जा जमा लिया।

5379487