Bihar Lok Sabha Election: विपक्षी INDIA गुट ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए बिहार में सीट-बंटवारे के समझौते पर अंतिम मुहर लगा दी। सबसे ज्यादा सीटें पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल को मिली है। हालांकि टिकट की आस में कांग्रेस में जाने वाले पप्पू यादव को तगड़ा झटका लगा है। आरजेडी के हिस्से में पूर्णिया सीट आ गई है। पूर्णिया से आरजेडी ने पहले ही बीमा भारती को मैदान में उतार दिया है। कन्हैया कुमार की बेगूसराय सीट सीपीआई के खाते में आई है। 

बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं। पूर्णिया और हाजीपुर समेत 26 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। कांग्रेस किशनगंज और पटना साहिब सहित 9 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जबकि वाम दल पांच सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

 

कुछ ऐसे हुआ सीटों का बंटवारा

पार्टी सीट
आरजेडी गया, नवादा, जहानाबाद, औरंगाबाद, बक्सर, पाटलिपुत्र, मुंगेर, जमुई, बांका, वाल्मीकि नगर, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतागढ़ी, वैशाली, सारन, सिवान, गोपालगंज, उजियारपुर, दरभंगा, मधुबनी, झांझरपुर, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, हाजीपुर
कांग्रेस किशनगंज, कटिहार, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पश्चिमी चंपारण, पटना साहिब, सासाराम, महाराजगंज
सीपीआई एमएल आरा, केराकट, नालंदा

नोट- बिहार में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। बेगूसराय सीपीआई के खाते में आई है, जबकि खगड़िया को सीपीएम को दी गई है।

कन्हैया कुमार और पप्पू यादव।

तनाव की अटकलों पर लगा विराम
सीटों के बंटवारे से महागठबंधन में तनातनी की अटकलों पर विराम लग गया है। दरअसल, बिहार की पूर्णिया सीट को लेकर महागठबंधन में तनाव था। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कई सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए थे। इनमें कई ऐसी सीटें थीं, जिन पर कांग्रेस की नजर थी। इनमें औरंगाबाद, बेगूसराय, कटिहार, सिवान, पूर्णिया का नाम शामिल था। आरजेडी ने पूर्णिया सीट पर बिना सीट शेयरिंग के अपना उम्मीदवार उतार दिया था। 

पप्पू यादव बोले- पूर्णिया से फहराएंगे कांग्रेस का झंडा
पूर्णिया सीट पर पप्पू यादव दावेदारी कर रहे हैं। वे पीछे हटने को तैयार नहीं है। हाल ही में उन्होंने कहा था कि लड़ूंगा तो पूर्णिया से वरना नहीं। सीट शेयरिंग के ऐलान से पहले पप्पू यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा कि सीमांचल कोसी जीतकर देश में कांग्रेस सरकार बनाएंगे। पूर्णिया में कांग्रेस का झंडा लहराएंगे। राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।

फिलहाल पप्पू यादव के अरमानों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। सुपौल, मधेपुरा और पूर्णिया सीट आरजेडी के खाते में आई हैं। ये ऐसी सीटें हैं जहां से पप्पू यादव ने कभी न कभी चुनाव लड़ा है।