Logo
election banner
Himanta Biswa Sarma Odisha Rally: हिमंता ने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासी समाज के उत्थान के लिए काम करती आयी है। हमारी सरकार का यह मानना है कि आरक्षण का लाभ सिर्फ SC/ST/OBC समाज को मिलना चाहिए।

Himanta Biswa Sarma Odisha Rally: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को दावा किया कि कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर के स्थान पर बाबरी मस्जिद का पुनर्निर्माण कर सकती है। ओडिशा के मलकानगिरी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए हिमंत ने मस्जिद के पुनर्निर्माण को रोकने के लिए जनता से भाजपा को 400 सीटें जिताने का आग्रह किया।

यही कारण कि हमें 400 सीटें चाहिए
हिमंता ने कहा कि लोग हमसे पूछते हैं कि हम 400 सीटें क्यों चाहते हैं। हमें 400 सीटें इसलिए चाहिए, क्योंकि कांग्रेस राम मंदिर की जगह बाबरी मस्जिद का पुनर्निर्माण करा सकती है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि भारत में बाबरी मस्जिद का पुनर्निर्माण कभी न हो। यही कारण है कि हमें पीएम मोदी को 400 से अधिक सीटें देनी होंगी और उन्हें पीएम बनाना होगा। 

कांग्रेस को पता कि हम सिर्फ राम मंदिर पर रुकने वाले नहीं
हिमंत बिस्वा सरमा ने उनकी पार्टी राम मंदिर के निर्माण पर नहीं रुकेगी। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस हमसे तारीख पूछती थी कि राम मंदिर कब बनेगा। अब उन्होंने इसके बारे में पूछना बंद कर दिया है। कांग्रेस जानती है कि हम राम मंदिर पर रुकने वाले नहीं हैं, हमें अपने देश के हर मंदिर को मुक्त कराना होगा। हमारा एजेंडा लंबा है। 

मुसलमानों को अलग से आरक्षण देने नहीं देंगे
हिमंता ने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासी समाज के उत्थान के लिए काम करती आयी है। हमारी सरकार का यह मानना है कि आरक्षण का लाभ सिर्फ SC/ST/OBC समाज को मिलना चाहिए। मुसलमानों के लिए अलग से आरक्षण देने का कांग्रेस का जो मंसूबा है, वो हम कभी भी साकार होने नहीं देंगे। मोदी जी के नेतृत्व में असम, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की डबल इंजन सरकार महिलाओं को प्रति माह आर्थिक मदद देती है। ओडिशा में BJD सरकार ने महिलाओं की सहायता क्यों नहीं की? BJP की सरकार आते ही हम महिलाओं को 50,000 रुपए दिया जाएगा। 

Himanta Biswa Sarma
Himanta Biswa Sarma

ओडिशा के 3 लाख युवाओं को देंगे नौकरी
उन्होंने कहा कि ओडिशा की वर्तमान सरकार के कार्यकल में युवाओं का बुरा हाल है। प्रश्नपत्र लीक से लेकर नौकरी की सुविधा न मिलना। जब यहां भाजपा की सरकार बनेगी तब हम ओडिशा के युवाओं को 3 लाख सरकारी नौकरियां देंगे। हिमंत ने दावा किया कि ओडिशा में हम 75 सीटों से अधिक पर विजय प्राप्त करेंगे और 10 जून को ओडिशा में भाजपा सरकार शपथ ग्रहण करेगी।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बना राम मंदिर
दरअसल, 2019 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले अयोध्या में विवादित स्थल पर राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ था। इसी साल 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम जन्मभूमि पर बने भव्य मंदिर का उद्घाटन किया। साथ ही रामलला प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की। इस समारोह में 8 हजार से अधिक वीवीआईपी शामिल हुए थे। कांग्रेस ने इस समारोह को बीजेपी का इवेंट बताते हुए समारोह का बायकॉट किया था। 

पीएम मोदी ने भी कहा था- कांग्रेस राम मंदिर पर लगा देगी बाबरी ताला
पीएम मोदी ने इस महीने की शुरुआत में दावा किया था कि वह कांग्रेस को राम मंदिर पर बाबरी ताला लगाने से रोकने के लिए 400 लोकसभा सीटें चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी 400 सीटें चाहता है, ताकि कांग्रेस खेल खराब करने के लिए अनुच्छेद 370 वापस न लाए, मोदी 400 सीटें चाहता है ताकि कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर पर बाबरी ताला न लगा दे।

गुरुवार को प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री झूठ बोल रहे हैं और कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करेगी। उन्होंने कहा कि यह सरासर झूठ है। कांग्रेस पार्टी ने कई बार कहा है कि वह अदालत के फैसले का सम्मान करेगी। हमने यह (अतीत में) किया है, और आगे भविष्य में भी ऐसा करेंगे। 

5379487