Logo
election banner
Travel Tips: भारत में कई ऐसी जगहें हैं जहां फरवरी के महीने में शानदार छुट्टियां बिताई जा सकती हैं। आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ खास जगहों के बारे में।

Travel Tips: लगातार काम के बीच हर कोई चाहता है कि छोटे-छोटे ब्रेक मिल सकें। इन ब्रेक्स को फैमली या फ्रेंड्स के साथ बिताना सबसे अच्छा होता है। फरवरी के महीने में आप अगर अपने दोस्तों के साथ छुट्टियां बिताने की प्लानिंग कर रहे हैं तो ये मौसम आपके लिए काफी मुफीद रहने वाला हो सकता है। देश में कई ऐसी जगहें हैं जहां फरवरी के महीने में घूमने जाने पर वहां बिताई गईं छुट्टियां यादगार बन सकती हैं। फरवरी ऐसा महीना है जब वसंत की आमद होती है और मौसम में हल्की ठंडक और गर्मी की एहसास होता है। ऐसे में ये महीना छुट्टियां बिताने के लिए सबसे मुफीद हो सकता है। 

आप अगर इस बात को लेकर कन्फ्यूज़ हैं कि फरवरी के महीने में छुट्टियां कहां बिताई जाएं तो चिंता छोड़ दें। हम आपको कुछ ऐसी डेस्टिनेशंस के बारे में बताएंगे जहां जाकर आपको जन्नत सा एहसास होगा। 

इन जगहों पर बिताएं छुट्टियां

गोवा - खूबसूरत समुद्र के किनारे और गर्मजोशी से भरी रातें और दोस्तों का साथ। ऐसा माहौल अगर किसी को मिल जाए तो उसे फिर शायद ही दूसरा कुछ चाहिए। दोस्तों के साथ घूमने के लिए गोवा एक परफेक्ट जगह हो सकती है। यहां का नाइट लाइफ कल्चर लोगों को काफी पसंद आता है। यहां दूधसागर जल प्रपात, अगुआड़ा किला समेत ढेरों जगहें हैं जहां घूमा जा सकता है। 

उदयपुर - झीलों की नगरी उदयपुर अगर अब तक नहीं घूमा है तो इस बार अपने दोस्तों के साथ यहां जाने का प्लान बनाएं। अपनी खूबसूरती के लिए उदयपुर अलग ही पहचान रखता है। यहां कई रॉयल और हिस्टोरिकल जगहें हैं जहां घूमा जा सकता है। सिटी पैलेस, लेक पैलेस, पिछोला झील, सहेलियों की बाड़ी, सजनगढ़ किला समेत कई दर्शनीय स्थल मौजूद हैं। 

रणथंबौर - आप अगर नेचुरल ब्यूटी को पसंद करते हैं और वाइल्ड लाइफ से प्यार है तो रणथंबौर एक बेहतरीन टूरिस्ट प्लेस हो सकती है। यहां आप फोटोग्राफी का लुत्फ उठा सकते हैं। फरवरी में रणथंबौर में जानवरों की कई नई प्रजातियों को देखा जा सकता है। यहां की जंगल सफारी आपके और दोस्तों के लिए यादगार हो सकती है। यहां रणथंबौर किला, पदम तालाब, जोगी महल समेत कई अन्य जगहें देखने लायक हैं। 

हिमाचल प्रदेश - देश के सबसे खूबसूरत राज्यों में से एक हिमाचल प्रदेश में फरवरी की छुट्टियां बिताना आपके लिए यादगार रहेगा। यहां कई जगहें हैं जहां घूमा जा सकता है। इसमें शिमला, कुल्लू, कुफरी, धर्मशाला, डलहौजी शामिल हैं। यहां की बर्फ से ढंकी पहाड़ियां, चीड़ के जंगल और कलकल बहती नदियां आपको अलग ही दुनिया का एहसास कराएगी। 

आगरा - आप अगर फ्रेंड्स के साथ छोटा हॉलिडे प्लान कर रहे हैं तो इसके लिए आगरा बेस्ट जगह हो सकती है। आगरा का ताजमहल तो सात अजूबों में शामिल है ही, यहां और भी कई दर्शनीय स्थल मौजूद हैं। यहां बिताया समय आपको हमेशा याद रहेगा। आगरा का किला, अकबर का मकबरा समेत अन्य जगहों पर पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। 

5379487