Logo
कोरिया जिले में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पति ने SP को शिकायत सौंपते हुए अपनी पत्नी सुमित्रा की मौत को सुनियोजित हत्या बताया है।

कमालुद्दीन अंसारी- कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक महिला की संदिग्ध मौत और उसके साथ कथित घोर अनाचार की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्राम मुरमा निवासी सीताप्रसाद ने पुलिस अधीक्षक कोरिया को शिकायत सौंपते हुए अपनी पत्नी सुमित्रा की मौत को सुनियोजित हत्या बताया है। महिला पिछले 7- 8 माह से लापता थी और हाल ही में व्हाट्सएप के माध्यम से उसकी मृत्यु की सूचना परिजनों को मिली, जिसके बाद परिवार में मातम और आक्रोश का माहौल है।

परिजनों के अनुसार मृतका खरवत स्थित एक ढाबे में कार्यरत थी। पोस्टमार्टम के दौरान चेहरे पर चोट के निशान और गुप्तांग में आपत्तिजनक स्थिति पाए जाने की बात सामने आई है, जिससे दुष्कर्म और हत्या की आशंका और गहरा गई है। इस घटना ने क्षेत्र में दहशत और रोष दोनों पैदा कर दिए हैं, वहीं लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

पंचायत अध्यक्ष ने उठाए सवाल 
मामले में जनपद पंचायत बैकुंठपुर के अध्यक्ष उदय सिंह ने भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने परिजन थाने पहुंचे थे, तब मामला दर्ज नहीं किया गया। अब इस संवेदनशील और गंभीर प्रकरण में पुलिस जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं, और पीड़ित परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है।

एसपी ने दी जानकारी 
इस मामले की पुष्टि करते हुए कोरिया  पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे ने बताया कि आरोप निराधार है शुरुआती जांच में इस तहत की कोई भी बात सामने नहीं आई है। महिला के प्राइवेट पार्ट में भी किसी भी तरह का कोई जख्म नहीं था। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट की बात करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला के पेट में शराब की मात्रा मिली  है। फिर भी अगर आरोप लग रहा है तो हम इस मामले की जांच करवाएंगे।

5379487