Fitness Tips: जल्दी वजन घटाने के चक्कर में ये गलतियां तो नहीं करते आप? हो जाएं सतर्क

तेजी से वजन कम करने के नुकसान (Image: grok)
Fitness Tips: फिट दिखना, और वजन कम करना हर व्यक्ति की प्राथमिकता बन चुका है। सोशल मीडिया पर परफेक्ट फिगर की तस्वीरें देखकर लोग जल्द से जल्द रिजल्ट चाहते हैं। यही जल्दबाजी कई बार सेहत पर भारी पड़ जाती है। क्योंकि, वजन घटाने की चक्कर में ऐसे तरीके अपनाने लगते हैं, जो फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकते हैं। अगर आप भी तेजी से वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, तो यह जानना जरूरी है कि कहीं कोई गलती तो नहीं कर रहे।
फूड सेफ्टी और स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) का कहना है कि वजन घटाने के लिए क्रैश डाइट या भूखा रहना सही तरीका नहीं है। FSSAI के मुताबिक संतुलित आहार, सही मात्रा में भोजन, नियमित शारीरिक गतिविधि और पर्याप्त पानी पीना ही सेहतमंद वजन बनाए रखने का सुरक्षित उपाय है।
भूखा रहना या बहुत कम खाना
जल्दी वजन घटाने के लिए सबसे बड़ी गलती लोग यह करते हैं कि खाना लगभग छोड़ देते हैं। उन्हें लगता है कि कम खाने से वजन तेजी से घटेगा। लेकिन सच यह है कि भूखा रहना मेटाबॉलिज्म को धीमा कर देता है। शरीर एनर्जी बचाने लगता है, और फैट बर्न होना कम हो जाता है। बहुत कम खाने से कमजोरी, चक्कर, थकान और चिड़चिड़ापन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हेल्दी तरीके से वजन कम करने के लिए संतुलित डाइट जरूरी है, जिसमें प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट और कार्बोहाइड्रेट सभी शामिल हों।
क्रैश डाइट पर भरोसा करना
आजकल क्रैश डाइट का चलन काफी बढ़ गया है। 7 दिन में 5 किलो वजन कम करने जैसे दावे लोगों को आसानी से आकर्षित कर लेते हैं। लेकिन क्रैश डाइट छोड़ते ही वजन दोबारा बढ़ने लगता है। इससे शरीर और दिमाग दोनों पर बुरा असर पड़ता है।
जरूरत से ज्यादा वर्कआउट करना
कुछ लोग सोचते हैं कि जितना ज्यादा वर्कआउट करेंगे, उतना जल्दी वजन कम होगा। इसी चक्कर में वे बिना ब्रेक के घंटों एक्सरसाइज करने लगते हैं। ज्यादा वर्कआउट से शरीर थक जाता है, और चोट लगने का खतरा भी बढ़ जाता है। शरीर को रिकवरी का समय देना भी उतना ही जरूरी है जितना वर्कआउट करना है। इसलिए हफ्ते में 4 से 5 दिन एक्सरसाइज, और 1 से 2 दिन आराम करना शरीर के लिए बेहतर होता है।
पानी कम पीना
वजन घटाने के दौरान पानी की भूमिका बेहद अहम होती है। कई लोग पानी पीने को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है। कम पानी पीने से मेटाबॉलिज्म स्लो हो सकता है, और भूख भी ज्यादा लग सकती है। दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना फैट बर्निंग में मदद करता है, और शरीर को डिटॉक्स भी करता है।
नींद को हल्के में लेना
जल्दी वजन कम करने की कोशिश में लोग देर रात तक जागते हैं, या नींद पूरी नहीं लेते हैं। नींद की कमी से हार्मोनल बैलेंस बिगड़ जाता है, जिससे भूख बढ़ती है और वजन कम करना मुश्किल हो जाता है। इसलिए हर दिन 6 से 8 घंटे की अच्छी नींद वजन घटाने की प्रक्रिया को सपोर्ट करती है।
सप्लीमेंट्स पर जरूरत से ज्यादा भरोसा
मार्केट में कई तरह के फैट बर्नर, और वजन घटाने वाले सप्लीमेंट्स उपलब्ध हैं। बिना डॉक्टर की सलाह के इनका इस्तेमाल करना नुकसानदायक हो सकता है। ये प्रोडक्ट्स तुरंत असर दिखाने का दावा तो करते हैं, लेकिन लंबे समय में शरीर को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
सही तरीका क्या है?
वजन घटाने का सही तरीका है धैर्य रखना, और अपने शरीर को समझना कि वो किस तरह से काम करता है। वहीं धीरे-धीरे वजन कम करना ज्यादा सुरक्षित होता है। इसके लिए सही खाना, नियमित एक्सरसाइज, अच्छी नींद, और पॉजिटिव सोच बहुत जरूरी है। अगर आप भी वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं, तो इन गलतियों से बचें, ताकी आगे जाकर किसी भी तरह की परेशानी ना झेलना पड़े।
(Disclaimer): ये लेख सामान्य जानकारी के लिए दिया गया है। हरिभूमि इसकी पुष्टि नहीं करता, अगर आप वजन कम करने का सोच रहे हैं, तो डॉक्टर को सलाह जरूर लें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
