Threading Side Effects: थ्रेडिंग के बाद जलन और रेडनेस होने लगती है? इन तरीकों को आज़माएं, मिलेगी राहत

थ्रेडिंग की जलन और रेडनेस दूर करने के तरीके।
Threading Side Effects: भौंहें या चेहरे के अनचाहे बाल हटाने के लिए थ्रेडिंग सबसे कॉमन और किफायती तरीका माना जाता है, लेकिन इसके बाद होने वाली जलन और रेडनेस कई लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है। खासकर सेंसिटिव स्किन वालों को थ्रेडिंग के तुरंत बाद चेहरे पर चुभन, लालिमा और कभी-कभी छोटे दाने भी दिखने लगते हैं।
अगर हर बार थ्रेडिंग के बाद आपका चेहरा भी जलने लगता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान और घरेलू उपाय अपनाकर आप स्किन को जल्दी शांत कर सकते हैं। सही देखभाल से न सिर्फ रेडनेस कम होती है, बल्कि स्किन को दोबारा डैमेज होने से भी बचाया जा सकता है।
इन घरेलू उपायों से मिलेगी राहत
ठंडा पानी या आइस क्यूब्स का इस्तेमाल
थ्रेडिंग के तुरंत बाद सबसे आसान उपाय है ठंडा पानी। कॉटन पैड को ठंडे पानी में भिगोकर प्रभावित जगह पर हल्के हाथ से रखें। चाहें तो आइस क्यूब को कपड़े में लपेटकर 1-2 मिनट के लिए लगा सकते हैं। इससे स्किन के पोर्स शांत होते हैं और जलन व सूजन में जल्दी राहत मिलती है।
एलोवेरा जेल से मिलेगी ठंडक
एलोवेरा अपने ठंडे और हीलिंग गुणों के लिए जाना जाता है। थ्रेडिंग के बाद ताजा एलोवेरा जेल की पतली परत चेहरे पर लगाएं। यह स्किन को तुरंत ठंडक देता है और रेडनेस को कम करने में मदद करता है। अगर आपकी स्किन बहुत सेंसिटिव है, तो एलोवेरा जेल सबसे सेफ ऑप्शन माना जाता है।
गुलाब जल से करें स्किन को शांत
गुलाब जल नेचुरल टोनर की तरह काम करता है। थ्रेडिंग के बाद कॉटन में गुलाब जल लेकर चेहरे पर लगाएं। इससे स्किन को ठंडक मिलती है और जलन कम होती है। साथ ही यह स्किन की नमी बनाए रखने में भी मदद करता है।
मॉइश्चराइज़र लगाना न भूलें
थ्रेडिंग के बाद स्किन थोड़ी ड्राई और स्ट्रेस्ड हो जाती है। ऐसे में हल्का और खुशबू-रहित मॉइश्चराइज़र जरूर लगाएं। इससे स्किन की नमी बनी रहती है और रेडनेस जल्दी कम होती है। बहुत ज्यादा केमिकल वाले प्रोडक्ट्स से इस समय बचना बेहतर होता है।
धूप और मेकअप से रखें दूरी
थ्रेडिंग के तुरंत बाद धूप में निकलने से स्किन और ज्यादा इरिटेट हो सकती है। कोशिश करें कि कुछ घंटों तक सीधी धूप से बचें। साथ ही थ्रेडिंग के बाद तुरंत मेकअप न करें, क्योंकि इससे खुले पोर्स में इन्फेक्शन का खतरा बढ़ सकता है।
कब डॉक्टर से सलाह लें
अगर हर बार थ्रेडिंग के बाद ज्यादा जलन, सूजन या रैशेज हो जाते हैं, तो यह एलर्जी या स्किन सेंसिटिविटी का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)
