Eggless Omelette: बिना अंडे के भी बन जाएगा ऑमलेट! बस 3 चीजों की पड़ेगी ज़रूरत, टेस्ट मिलेगा बेस्ट

Eggless Omelette: बिना अंडे का ऑमलेट! यह बात सुनकर एकबानगी आप चौंक भी सकते हैं, लेकिन ये सच है। आप चाहें तो बिना अंडे के भी ऑमलेट को तैयार कर सकते हैं। खासतौर पर शाकाहारी लोग इस एगलेस ऑमलेट का लुत्फ उठा सकते हैं। इसे बनाने में मुख्य रूप से बेसन, टमाटर और प्याज के साथ मसालों की जरूरत पड़ती है।
एगलेस ऑमलेट की रेसिपी प्रोटीन, फाइबर और स्वाद से भरपूर है, और सबसे अच्छी बात यह है कि इसे 10 मिनट में बनाया जा सकता है। न तो इसमें अंडे की जरूरत है और न ही ज्यादा तेल की। आइए जानते हैं इस खास ऑमलेट को बनाने का तरीका।
एगलेस ऑमलेट बनाने के लिए सामग्री
- बेसन (चना आटा) - 1 कप
- पानी - लगभग 3/4 कप (घोल बनाने के लिए)
- प्याज - 1 बारीक कटा हुआ
- टमाटर - 1 बारीक कटा हुआ
- हरी मिर्च - 1-2 बारीक कटी
- शिमला मिर्च - 2 बड़े चम्मच बारीक कटी
- धनिया पत्ती - 2 बड़े चम्मच
- हल्दी पाउडर - 1/4 चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - 1/2 चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- तेल - सेंकने के लिए
एगलेस ऑमलेट बनाने का तरीका
बिना अंडे का ऑमलेट टेस्टी होने के साथ हेल्दी भी होता है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले एक बाउल में बेसन डालें और उसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर सभी को अच्छी तरह से मिलाएं।
अब मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए चिकना घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल न बहुत पतला हो, न बहुत गाढ़ा। घोल तैयार होने जाने के बाद इसमें बारीक कटे प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च और धनिया डालें।
सब चीजों को अच्छे से मिलाकर एक स्मूद मिश्रण बना लें। इसके बाद नॉन-स्टिक तवा गरम करें और उस पर थोड़ा तेल लगाएं। अब एक करछी घोल डालें और गोल आकार में फैला दें, जैसे डोसा फैलाते हैं।
गैस की फ्लेम को मीडियम पर रखें और ऑमलेट को 2 मिनट तक पकाएं, फिर पलटकर दूसरी तरफ भी सेंकें। दोनों तरफ से सुनहरा और हल्का कुरकुरा हो जाए तो गैस बंद कर दें।
एगलेस ऑमलेट को प्लेट में निकालकर ऊपर से थोड़ा मक्खन लगाएं, स्वाद दोगुना हो जाएगा। इसी तरह सारे ऑमलेट तैयार कर लें। इन्हें टोमैटो सॉस, ग्रीन चटनी या ब्रेड स्लाइस के साथ परोसें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)
