मूंग दाल मसाला बाटी रेसिपी: घर पर बनाएं राजस्थानी स्वाद से भरपूर डिश, जो खाएगा पूछेगा बनाने का तरीका

मूंग दाल मसाला बाटी बनाने का तरीका।
Moong Dal Masala Bati Recipe: राजस्थानी खाने की बात हो और बाटी का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। आमतौर पर दाल-बाटी चूरमा सबने खाया होता है, लेकिन अगर आप रोज़ की बाटी से कुछ अलग और ज्यादा स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो मूंग दाल मसाला बाटी एक बेहतरीन विकल्प है।
मूंग दाल की स्टफिंग और देसी मसालों से भरी यह बाटी बाहर से कुरकुरी और अंदर से सॉफ्ट होती है। खास बात यह है कि इसे आप ओवन, कुकर या कढ़ाही तीनों तरीकों से आसानी से बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी पूरी रेसिपी।
मूंग दाल मसाला बाटी बनाने के लिए सामग्री
बाटी के लिए
- 2 कप गेहूं का आटा
- 3 बड़े चम्मच घी
- नमक स्वादानुसार
- पानी (आटा गूंथने के लिए)
मूंग दाल मसाला स्टफिंग के लिए
- 1 कप मूंग दाल (भिगोई और दरदरी पिसी हुई)
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच सौंफ
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
- 2 बड़े चम्मच तेल
- नमक स्वादानुसार
- हरा धनिया (बारीक कटा)
मूंग दाल मसाला बाटी बनाने का तरीका
स्वाद से भरपूर मूंग दाल मसाला बाटी बनाना आसान है। इसके लिए एक परात में गेहूं का आटा, नमक और घी डालें। अच्छी तरह मोयन देकर सख्त आटा गूंथ लें। आटे को ढककर 15 मिनट के लिए रख दें।
अब कढ़ाही में तेल गरम करें। इसमें जीरा और सौंफ डालें। अब दरदरी पिसी मूंग दाल डालकर हल्का भूनें। इसके बाद हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, गरम मसाला और नमक डालें। मसाले को 3-4 मिनट तक भूनें और अंत में हरा धनिया मिलाएं।
इसके बाद आटे की लोइयां बनाएं, बीच में गड्ढा करें और उसमें मूंग दाल मसाला भरें। लोई को अच्छे से बंद कर गोल आकार दें। बाटी को पहले तवे पर हल्का सेक लें। इसके बाद प्रेशर कुकर (बिना सीटी) या ओवन में सुनहरी होने तक पकाएं। अंत में गरम घी में डुबोकर निकाल लें।
स्वाद से भरपूर मूंग दाल मसाला बाटी बनकर रेडी हो चुकी है। इसको हरी चटनी, लहसुन की चटनी या दही के साथ परोसें। चाहें तो इसके साथ चूरमा भी सर्व किया जा सकता है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)
