Matar Chutney: स्वाद में परफेक्ट 'तड़का' लगाएगी मटर चटनी, जो खाएगा करेगा तारीफ

मटर की चटनी बनाने का तरीका।
Matar Chutney: अगर रोज़-रोज़ वही हरी धनिया या पुदीने की चटनी खाकर बोर हो गए हैं, तो अब वक्त है कुछ नया ट्राय करने का। मटर चटनी एक ऐसी यूनिक और टेस्टी रेसिपी है, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी पूरा ख्याल रखती है। हरी मटर की मिठास और मसालों का तड़का मिलकर इसे खास बना देता है।
सर्दियों में आसानी से मिलने वाली हरी मटर से बनने वाली यह चटनी पराठे, चीला, डोसा, इडली या सैंडविच हर चीज़ के साथ खूब जचती है। खास बात यह है कि इसे बनाना बेहद आसान है और इसमें ज्यादा समय भी नहीं लगता। आइए जानते हैं मटर चटनी बनाने की आसान और परफेक्ट विधि।
मटर चटनी बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप हरी मटर (उबली हुई)
- 2 हरी मिर्च
- 1 इंच अदरक
- 2-3 लहसुन की कलियां
- 2 बड़े चम्मच भुनी मूंगफली या काजू
- 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
- नमक स्वादानुसार
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1 बड़ा चम्मच तेल
- थोड़ा सा पानी (जरूरत अनुसार)
मटर चटनी बनाने की विधि
स्वादिष्ट मटर चटनी खास मौके पर भी बनाई जा सकती है। इसके लिए सबसे पहले हरी मटर को उबाल लें। ध्यान रखें कि मटर ज्यादा नरम न हो, बस इतनी पके हों कि आसानी से पीसी जा सकें। उबलने के बाद पानी छान लें और मटर को ठंडा होने दें।
एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें जीरा डालें और चटकने दें। अब अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालकर हल्का सा भून लें, ताकि कच्चापन खत्म हो जाए और खुशबू आने लगे। मिक्सी जार में उबली मटर, भुनी मूंगफली, तला हुआ मसाला, नमक और नींबू का रस डालें। जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालकर स्मूद या हल्का दरदरा पीस लें।
पीसी हुई चटनी को एक कटोरी में निकालें। ऊपर से चाहें तो थोड़ा सा तेल या घी गर्म करके हल्का तड़का लगा सकते हैं। इससे चटनी का स्वाद और भी बढ़ जाता है। मटर चटनी पेट को लंबे समय तक भरा रखती है और वजन कंट्रोल करने में मदद कर सकती है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)
