NMACC India: न्यूयॉर्क में नीता अंबानी का 'NMACC इंडिया वीकेंड', 100 से ज्यादा कलाकार लिंकन सेंटर में देंगे प्रस्तुति

लिंकन सेंटर में 'सिंदूरी' साड़ी में नजर आईं नीता अंबानी
नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर पहली बार न्यूयॉर्क में ऐतिहासिक उत्सव की शुरुआत करने जा रहा है। यह पहला संस्करण 12 से 14 सितंबर के बीच आयोजित होगा, जहां भारत की समृद्ध विरासत देखने को मिलेगी। यहां संगीत, रंगमंच, भोजन और भारतीय परंपराओं से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसे लेकर NMACC की संस्थापक और अध्यक्ष नीता अंबानी बेहद उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा कि हम 'नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर इंडिया वीकेंड' को पहली बार न्यूयॉर्क शहर में लाने के लिए रोमांचित हैं। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत (कला, शिल्प, संगीत, नृत्य, फैशन और भोजन) का वैश्विक उत्सव मनाने के लिए डिजाइन किया गया है। हमारा उद्देश्य हमेशा से भारत में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ चीजों को प्रदर्शित करना और भारत की सर्वश्रेष्ठ चीजों को दुनिया के सामने लाना रहा है। NMACC की अध्यक्ष नीता अंबानी ने कहा कि इस विशेष वीकेंड के माध्यम से हम दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित मंच 'लिंकन सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स' पर भारत की समृद्ध परंपराओं और विरासत को साझा करने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
यहां होगा NMACC का ऐतिहासिक कार्यक्रम
'NMACC इंडिया वीकेंड' का आयोजन डेविड एच. कोच थिएटर, लिंकन सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स में होगा। यहां भारत के सबसे बड़े नाट्यकार 'द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल: सिविलाइजेशन टू नेशन' का यूएस प्रीमियम होगा, जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है। यह डांस, फैशन और म्यूजिक का कॉम्बिनेशन है, जो भारत के अतीत, वर्तमान और भविष्य को दर्शाएगा। अतीत की बात करें तो यह 500 ईसा पूर्व से लेकर भारत की आजादी तक के समय को याद दिलाएगा।
100 से ज्यादा कलाकार बनेंगे कार्यक्रम का हिस्सा
'द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल' एक बेहतरीन नाट्य अनुभव देता है, जिसमें 100 से ज्यादा कलाकार शामिल होंगे। भव्य वेशभूषा और विशाल सेट को देखकर ऐसा लगेगा कि आप उस दुनिया में समा गए हैं। इस ग्रुप में भारत के बेहतरीन कलाकारों के साथ ही टोनी और एमी पुरस्कार विजेता भी शामिल रहेंगे। इसका निर्देशन फिरोज अब्बास खान ने किया है। संगीत अजय-अतुल की जोड़ी संभालेगी, मयूर उपाध्याय, वैभवी मर्चेंट, समीर और अर्श तन्ना जैसे बेहतरीन कलाकार भी शामिल होंगे। सभी कलाकार भारत के मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन पोशाकें पहनेंगे।
NMACC का उद्घाटन समारोह रहेगा खास
इस कार्यक्रम की शुरुआत 12 सितंबर से होगी। तीन दिन चलने वाले इस समरोह के पहले दिन केवल आमंत्रित मेहमानों के लिए ग्रैंड वेलकम के साथ इसका आनंद लेने का मौका दिया जाएगा। पहले दिन भारत के प्रसिद्ध पारंपरिक बुनकरों और कुशल कारीगरों को भी दिखाया जाएगा। शाम को प्राचीन से लेकर आधुनिक भारत के व्यंजनों और जायकों की एक श्रंखला होगी, जिसे मिशेलिन स्टार शेफ विकास खन्ना द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। न्यूयॉर्क शहर में NMACC इंडिया वीकेंड के लिए बुकिंग जल्द ही शुरू होगी।