सतीश शाह को मरणोपरांत मिला पद्मश्री: 'साराभाई वर्सेज साराभाई' के मेकर्स बोले- 'देरी से मिला, वे जीवित होते तो...'

भारत सरकार की ओर से दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत पद्मश्री पुरस्कार दिया जाएगा।
Satish Shah: भारत सरकार की ओर से दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किए जाने का ऐलान हुआ है। भारतीय मनोरंजन जगत में उनके अमूल्य योगदान को देखते हुए यह सम्मान दिया गया। उनका लोकप्रिय शो साराभाई वर्सेज साराभाई के मेकर्स ने इसपर प्रतिक्रिया दी है। मेकर्स ने भावुक होकर कहा कि यह सम्मान थोड़ा देर से आया।
शो के मेकर्स ने जताया आभार
शो की प्रोडक्शन कंपनी हैट्सऑफ प्रोडक्शंस ने सतीश शाह को मिले पद्मश्री सम्मान पर एक भावुक प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा- “कितना अजीब संयोग है। वर्षों पहले, सरभाई परिवार की एक सभा में, इसी क्षण के बारे में बात की गई थी - मानो यह निश्चित ही था। यह (पुरस्कार) देर से आया। शायद वो खुद इसका जश्न मनाते, लेकिन बहुत देर हो गई। लेकिन राष्ट्र के लिए उस जीवन को स्वीकार करने में कभी देर नहीं हुई जो पीढ़ियों के मनोरंजन के लिए समर्पित था, ऐसे पात्रों को गढ़ने के लिए जो परिवार का हिस्सा बन गए, और ऐसी हंसी छोड़ने के लिए जो कभी फीकी नहीं पड़ेगी।”
पोस्ट में आगे लिखा- आज पूरा ‘साराभाई परिवार’, हैट्सऑफ प्रोडक्शंस की टीम, उनके दोस्त, परिवार और उनकी पत्नी मधु शाह गर्व महसूस कर रहे हैं। भले ही सतीश शाह आज इस सम्मान को लेने के लिए मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें और उनका काम हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगा।"
फैंस ने जताई खुशी
इस सम्मान के बाद फैंस ने भी सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। कई लोगों ने इसे देर से मिला लेकिन बेहद जरूरी सम्मान बताया। कुछ ने लिखा कि अगर यह सम्मान उनके जीवनकाल में मिला होता तो वे बेहद खुश होते। वहीं, कई फैंस ने उन्हें एक शानदार कलाकार बताते हुए कहा कि वह यह सम्मान बहुत पहले डिज़र्व करते थे।
सतीश शाह का निधन
सतीश शाह का नाम भारतीय सिनेमा और टेलीविजन के उन कलाकारों में शुमार है, जिन्होंने कॉमेडी को एक नई पहचान दी। जाने भी दो यारों, मैं हूं ना जैसी फिल्मों से लेकर साराभाई वर्सेज साराभाई जैसे यादगार शो तक, उन्होंने हर किरदार में जान डाल दी।
25 अक्टूबर 2025 को सतीश शाह का निधन हो गया था। उनके सह-कलाकार राजेश कुमार के मुताबिक, लंच के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया था। उनके निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को गहरा सदमा लगा। वह अपनी पत्नी मधु शाह को पीछे छोड़ गए।
