Dhurandhar 2: फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' (धुरंधर 2) रिलीज के बाद से ही छाई हुई है। फिल्म के हर किरदार और कहानी की जबरदस्त तारीफें हो रही हैं। तो वहीं फिल्म दो गुटों में बंट गई है। किसी ने फिल्म की तारीफ की तो कई इसे प्रोपेगेंडा फिल्म कह रहे हैं।
इसी बीच फिल्म में 'जमील जमाली' की अहम भूमिका निभाने वाले राकेश बेदी ने इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिना नाम लिए कंगना रनौत की फिल्म 'इमरजेंसी' पर तंज कस दिया है।
‘फिल्मों को राजनीति से न जोड़ें’
एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू के दौरान राकेश बेदी कहा, “मैं राजनीति में विश्वास नहीं करता। मैं सिनेमा में विश्वास करता हूं। हर किसी को फिल्म पसंद या नापसंद करने का अधिकार है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि किसी फिल्म को किसी श्रेणी में रखना सही है, चाहे वह सत्ता समर्थक हो या सत्ता विरोधी। नतीजा यह है कि लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं।”

‘दो दिन भी नहीं चलीं ऐसी फिल्में’
'धुरंधर: द रिवेंज' को लेकर हो रही चर्चा और दर्शकों की ज़बरदस्त प्रतिक्रिया के बारे में बात करते हुए उन्होंने आगे कहा, “हाल ही में इंदिरा गांधी और (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी पर फिल्में बनीं। ये फिल्में दो दिन भी नहीं चलीं। धुरंधर की कहानी और स्क्रीनप्ले दमदार है। लोगों ने इससे पहले इतने बड़े पैमाने पर बनी फिल्म नहीं देखी है।”
बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत
'धुरंधर: द रिवेंज' ने रिलीज़ के पहले ही दिन शानदार कमाई कर सबको चौंका दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। पेड प्रीव्यू के साथ मिलाकर इसका कलेक्शन 145 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच गया है, जो इसे इस साल की बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल करता है।
अबतक महज एक दिन के बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस की बात करें तो फिल्म ने पहले ही दिन जबरदस्त रिकॉर्ड बनाते हुए दुनियाभर में 240 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है।
फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट
निर्देशक आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2025 की हिट ‘धुरंधर’ का सीक्वल है। इसमें रणवीर सिंह के किरदार हमज़ा मज़ारी की कहानी को आगे बढ़ाया गया है, जो आतंक नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर है।
फिल्म में अर्जन रामपाल, सारा अर्जुन, आर. माधवन और संजय दत्त भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।









