Amitabh Bachchan-Rajesh Khanna: भारतीय सिनेमा के दो दिग्गज सितारे राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन का जबरदस्त स्टारडम आज भी छाया हुआ है। एक ओर जहां राजेश खन्ना ने तमाम हिट फिल्में देकर बॉलीवुड पर राज किया, तो वहीं बिग बी का दम आज भी इंडस्ट्री पर बरकरार है। लेकिन जब इंडस्ट्री में नए-नए आए अमिताभ बच्चन सफलता का स्वाद चख रहे थे, तब शुरू हुआ राजेश खन्ना का डाउनफॉल।
हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता प्रेम चोपड़ा ने हाल ही में राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन के करियर के उतार-चढ़ाव पर खुलकर बात की। उन्होंने उस दौर को याद किया जब राजेश खन्ना की लोकप्रियता धीरे-धीरे कम हो रही थी और अमिताभ बच्चन सुपरस्टार के रूप में उभर रहे थे।
राजेश खन्ना का डाउनफॉल और बिग बी का स्टारडम
जर्नलिस्ट विक्की लालवानी से बातचीत में राजेश खन्ना के करियर में आए डाउनफॉल के दौर के बारे में बात करते हुए प्रेम चोपड़ा ने कहा कि सुपरस्टार ने भले ही कभी खुलकर इस बारे में बात नहीं की, लेकिन उनकी परेशानियां साफ नजर आती थीं। उन्होंने कहा, “उन्होंने इस बारे में चर्चा नहीं की, लेकिन मैं समझ सकता था कि क्या चल रहा था। उनके लिए उस असफलता को पचाना मुश्किल था... एक टॉप स्टार, एक सुपरस्टार होने के बावजूद इस स्थिति को स्वीकार करना उनके लिए कठिन था।”

उन्होंने आगे बताया कि इस तरह के दौर अभिनेताओं पर कितना बुरा असर डालते हैं। एक्टर ने कहा- “वह (राजेश) पहले भी शराब पीते थे, लेकिन फिर उन्होंने हद से ज्यादा पीना शुरू कर दिया। ऐसा हर जगह होता है जब ऐसी चीजें होती हैं, तो अभिनेता या तो और ज्यादा शराब पीने लगते हैं या फिर कुछ गड़बड़ हो जाती है क्योंकि वे अपने पुराने और नए रूप को सहन नहीं कर पाते।”
अमिताभ बच्चन ने समय के साथ खुद को ढाला
वहीं, अमिताभ बच्चन के बारे में बात करते हुए प्रेम चोपड़ा ने उनकी सबसे बड़ी खासियत बताई- परिस्थितियों को स्वीकार करने की क्षमता। उन्होंने कहा कि अमिताभ ने समय के साथ खुद को बदला और यह मान लिया कि अब वह हर फिल्म में हीरो नहीं हैं, बल्कि मजबूत किरदार निभाना ज्यादा जरूरी है। यही सोच उन्हें आज भी प्रासंगिक बनाए हुए है।

प्रेम चोपड़ा ने अमिताभ बच्चन के संघर्ष के दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी था जब अमिताभ के पास काम नहीं था और उन्हें आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ा। उस दौरान वह काम की तलाश में खुद यश चोपड़ा के घर तक पैदल चले गए थे और काम मांगा था।
उन्होंने अमिताभ की मेहनत और अनुशासन की भी जमकर तारीफ की। प्रेम चोपड़ा के अनुसार, अमिताभ बच्चन आज भी सेट पर समय से पहले पहुंचते हैं और अपने किरदार पर गहराई से काम करते हैं, जो उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाता है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रेम चोपड़ा हाल ही में एनिमल में नजर आए थे, जिसमें रणबीर कपूर मुख्य भूमिका में थे।









