Logo
आमिर खान ने 'पठान' के चर्चित ट्रेन सीन पर रिएक्ट किया है जिसमें शाहरुख खान और सलमान खान नजर आए थे। आमिर ने कहा कि रणबीर कपूर, रणवीर सिंह और विक्की कौशल जैसे सितारे उनकी जगह लेने में पूरी तरह सक्षम हैं।

Aamir Khan: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने हाल ही में शाहरुख-सलमान की जुगलबंदी और नई पीढ़ी पर बात की है। उन्होंने फिल्म 'पठान' के उस चर्चित ट्रेन सीन पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें शाहरुख खान और सलमान खान मज़ाकिया अंदाज में कहते नजर आए थे कि उन्हें रिप्लेस करना आसान नहीं है। आमिर ने कहा कि नई पीढ़ी के कई कलाकार उनसे भी आगे निकलने की क्षमता रखते हैं।

‘वो सीन मजाक में था

एक इंटरव्यू में आमिर ने बताया कि उन्होंने पठान पूरी फिल्म नहीं देखी, लेकिन उस खास सीन के बारे में सुना और बाद में उसे यूट्यूब पर देखा। उन्होंने कहा, “वो बहुत मजेदार सीन था। शाहरुख और सलमान फिल्म के आखिर में बैठे बात कर रहे थे कि उनकी जगह कौन लेगा। यह सब मजाक में कहा गया था। फिल्म के संदर्भ में भी और फिल्म के बाहर के संदर्भ में भी। लोगों ने इसे एंजॉय किया और खूब हंसे।”

नई पीढ़ी के सितारों की तारीफ

आमिर ने आगे कहा कि रणबीर कपूर, रणवीर सिंह और विक्की कौशल जैसे कलाकार आज अपनी प्रतिभा से खुद को साबित कर चुके हैं। एक्टर ने कहा- “आज के युवा अभिनेता न सिर्फ मौजूद हैं, बल्कि हमें कड़ी टक्कर दे सकते हैं। छावा में विक्की कौशल, एनिमल में रणबीर कपूर और रणवीर सिंह की हालिया परफॉर्मेंस- इन सबने दिखा दिया है कि वे पूरी तरह सक्षम हैं। मैं तो कहूंगा कि वे शायद हमसे भी ज्यादा टैलेंटेड हैं। उन्होंने बिना कुछ कहे अपने काम से जवाब दिया है, जो शानदार है।”

क्या था ‘पठान’ का वो सीन?

फिल्म पठान के एक एक्शन सीन में शाहरुख और सलमान दुश्मनों से लड़ने के बाद हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत करते हैं। वे इस बात पर चर्चा करते हैं कि भारतीय जासूसी की जिम्मेदारी आगे कौन संभालेगा- जो हिंदी सिनेमा की विरासत को लेकर एक प्रतीकात्मक टिप्पणी भी मानी गई। अंत में दोनों मजाक में कहते हैं कि फिलहाल जिम्मेदारी उन्हें ही उठानी पड़ेगी क्योंकि कोई और इसके काबिल नहीं है।

आमिर की आने वाली फिल्में

वर्क फ्रंट की बात करें तो आमिर खान हाल ही में 'सितारे ज़मीन' पर में नजर आए थे, जो उनकी 2007 की फिल्म 'तारे ज़मीन पर' की आध्यात्मिक सीक्वल मानी जा रही है। फिल्म में जेनेलिया देशमुख भी अहम भूमिका में थीं। इसके अलावा वे हाल ही में 'हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस' में कैमियो करते दिखे, जिसका निर्माण भी उन्होंने किया है।

अब आमिर अपने अगले प्रोडक्शन प्रोजेक्ट 'एक दिन' की तैयारी में जुटे हैं, जिसमें उनके बेटे जुनैद खान और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

5379487