Logo
दूरदर्शन की प्रसिद्ध एंकर सरला माहेश्वरी का 71 साल की उम्र में निधन। उनकी मधुर आवाज और सादगी भरे अंदाज ने टीवी पत्रकारिता के सुनहरे दौर को यादगार बनाया।

दूरदर्शन की मशहूर एंकर सरला माहेश्वरी का 71 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके परिवार ने सोशल मीडिया के जरिए इस दुखद खबर की जानकारी दी। उनके निधन से टीवी पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। कई लोगों ने इसे दूरदर्शन के “गोल्डन एरा” का अंत बताया है।

दूरदर्शन ने दी श्रद्धांजलि

दूरदर्शन नेशनल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर लिखा, "दूरदर्शन परिवार की ओर से श्रीमती सरला माहेश्वरी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। वह दूरदर्शन की सम्मानित और प्रतिष्ठित समाचार वाचिका थी, जिन्होंने अपनी सौम्य आवाज, सटीक उच्चारण और गरिमापूर्ण प्रस्तुति से भारतीय समाचार जगत में विशेष स्थान बनाया। उनकी सादगी, संयम और व्यक्तित्व ने दर्शकों के मन में गहरा विश्वास स्थापित किया।" 

करियर की शुरुआत

सरला माहेश्वरी ने 1976 में दूरदर्शन पर समाचार एंकर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। 1984 तक उन्होंने यहां काम किया। इसके बाद वह ब्रिटेन चली गई और 1986 तक बीबीसी में न्यूज एंकर रही। बेटे के जन्म के बाद वे भारत लौटी और 1988 में फिर से दूरदर्शन से जुड़ गई।

सादगी से मिली अलग पहचान

सरला माहेश्वरी अपने शालीन अंदाज, साड़ी और माथे पर बिंदी के लिए जानी जाती थी। उनका शांत और स्पष्ट समाचार पढ़ने का तरीका लोगों को बहुत पसंद था। उन्हें फिल्मों और विज्ञापनों के ऑफर भी मिले, लेकिन उन्होंने पत्रकारिता को ही चुना।

अंतिम संस्कार आज

परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार 12 फरवरी को शाम 4 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया जाएगा।

5379487