रणवीर सिंह के खिलाफ FIR दर्ज: 'कांतारा' के दैवीय सीन की नकल कर मजाक उड़ाने का आरोप

कांतारा के दैवीय सीन की नकल करने पर रणवीर सिंह के खिलाफ FIR दर्ज
X

'कांतारा' के दैवीय सीन की नकल करने पर रणवीर सिंह के खिलाफ FIR दर्ज

गोवा में आयोजित IFFI के एक कार्यक्रम के दौरान फिल्म कांतारा के पवित्र दैवा सीन की नकल करना अभिनेता रणवीर सिंह को भारी पड़ गया। इस मामले में बेंगलुरु में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है, जिसके बाद यह विवाद सुर्खियों में आ गया है।

Ranveer Singh FIR: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के इवेंट के दौरान उन्होंने स्टेज पर कुछ ऐसा कर दिया जिसके चलते कर्नाटक में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मामला कन्नड़ फिल्म कांतारा के एक पवित्र दृश्य की नकल से जुड़ा है।

रणवीर सिंह ने की थी 'कांतारा' के सीन की नकल

दरअसल, 28 नवंबर को IFFI के क्लोजिंग सेरेमनी में रणवीर सिंह ने फिल्म कांतारा चैप्टर 1 के आइकॉनिक ‘चौंदी/दैवा’ सीन की नकल की थी। यह दृश्य स्थानीय परंपराओं और देवी चामुंडी से जुड़ा बेहद पवित्र माना जाता है। आरोप है कि रणवीर ने यह परफॉर्मेंस फिल्म के मुख्य अभिनेता और निर्देशक ऋषभ शेट्टी की मौजूदगी में किया, जिससे कई लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

बेंगलुरु में दर्ज हुई FIR

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में रणवीर सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यह शिकायत बेंगलुरु के अधिवक्ता प्रशांत मेथल (46) ने दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 196, 299 और 302 के तहत मामला पंजीकृत किया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि रणवीर सिंह ने मंच पर ऐसा अभिनय किया और कथित रूप से ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे दैवा परंपरा का मजाक उड़ाया गया और श्रद्धेय धार्मिक तत्वों का अपमान हुआ।

FIR में यह भी कहा गया है कि शिकायतकर्ता ने 2 दिसंबर 2025 को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखा, जिसमें रणवीर सिंह का यह परफॉर्मेंस दिखाया गया था।

रणवीर सिंह ने मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए माफी मांगी। उन्होंने लिखा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। अभिनेता ने कहा कि वह ऋषभ शेट्टी के अभिनय की तारीफ करना चाहते थे और एक कलाकार के तौर पर वह समझते हैं कि कांतारा के उस दृश्य को निभाने में कितनी मेहनत और साधना लगी होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका इरादा पूरी तरह सम्मान प्रकट करने का था।


वर्क फ्रंट

काम की बात करें तो रणवीर सिंह हाल ही में फिल्म धुरंधर की जबरदस्त सफलता का जश्न मना रहे हैं। दिसंबर 2025 में रिलीज हुई इस फिल्म ने महज तीन हफ्तों में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच दिया। अब रणवीर जल्द ही धुरंधर: द रिवेंज में नजर आएंगे, जो 19 मार्च 2026 को रिलीज होगी। इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला यश की टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स से होगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story