संजय कपूर की संपत्ति विवाद पर सुनवाई: करिश्मा कपूर के बच्चों के हक में दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला सुरक्षित

संजय कपूर की संपत्ति विवाद पर सुनवाई: करिश्मा कपूर के बच्चों के हक में दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला सुरक्षित
X

संजय कपूर की 30,000 करोड़ की संपत्ति विवाद पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। 

उद्योगपति संजय कपूर की संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई पूरी कर ली है। कोर्ट ने करिश्मा कपूर के बच्चों की अंतरिम याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।

Sunjay Kapur estate case: उद्योगपति संजय कपूर की 30 हजार करोड़ की निजी संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद अब एक अहम मोड़ पर पहुंच गया है। दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुनवाई समाप्त कर दी है और करिश्मा कपूर के बच्चों की अंतरिम याचिका पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है।

यह मामला संजय कपूर की पत्नी प्रिया सचदेव कपूर और उनकी पहली पत्नी करिश्मा कपूर से हुए बच्चों के बीच चल रहा है। करिश्मा और संजय के बच्चों- समायरा कपूर और कियान राज कपूर- ने हाईकोर्ट का रुख करते हुए दावा किया था कि संजय कपूर की वसीयत में गड़बड़ी की गई है और उस पर सवाल उठाए थे।

कोर्ट ने आगे की फाइलिंग पर लगाई रोक

समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, जस्टिस ज्योति सिंह ने स्पष्ट किया कि इस मामले में मौखिक दलीलें पहले ही पूरी हो चुकी हैं और दोनों पक्षों की ओर से दी गई लिखित दलीलों का रिकॉर्ड ले लिया गया है। अदालत ने यह भी साफ कर दिया कि अब आदेश आने से पहले कोई नई फाइलिंग स्वीकार नहीं की जाएगी।

प्रिया सचदेव ने आरोपों से किया इनकार

सुनवाई के दौरान प्रिया कपूर की ओर से पेश वकील राजीव नायर ने इस बात से इनकार किया कि संजय कपूर की संपत्ति विदेश में छिपाई गई या किसी तरह से इधर-उधर की गई। उन्होंने यह भी कहा कि संजय की सालाना आय ₹60 करोड़ होने के दावे सही नहीं हैं और लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं।


संजय कपूर की मां ने लगाए गंभीर आरोप

इस मामले में संजय कपूर की मां रानी कपूर ने आरोप लगाया था कि प्रिया सचदेव ने बैंक खातों में सिर्फ ₹1.7 करोड़ की राशि दिखाई, जबकि संजय की इनकम कहीं ज्यादा थी। रानी कपूर की ओर से पेश वकील वैभव गग्गर ने अदालत में दलील दी कि यह विश्वास करना मुश्किल है कि संजय अपनी पूरी निजी संपत्ति सिर्फ प्रिया के नाम कर दें।

वहीं, करिश्मा कपूर से संजय के बच्चों की ओर से नकीलक्ता महेश जेठमलानी ने पक्ष रखा। बच्चों ने संजय कपूर की वसीयत को चुनौती देते हुए मांग की कि प्रिया सचदेव को एस्टेट से जुड़े किसी भी लेन-देन से रोका जाए, जब तक मामला सुलझ न जाए।

दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा सुरक्षित रखा गया फैसला तय करेगा कि इस हाई-प्रोफाइल विरासत विवाद की आगे की दिशा क्या होगी।

संजय कपूर की मौत

गौरतलब है कि संजय कपूर ऑटो पार्ट्स बनाने वाली प्रमुख कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे। जून महीने में लंदन में पोलो खेलते समय उनका निधन हो गया था। संजय और करिश्मा कपूर की शादी 2003 में हुई थी और 2016 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद संजय ने साल 2017 में प्रिया सचदेव से विवाह किया था।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story