Bihar Flood Control Budget 2026: बिहार सरकार ने इस साल बाढ़ सुरक्षा और बचाव कार्यों के लिए 1117 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट को हरी झंडी दे दी है। मॉनसून 2026 से पहले राज्य भर में कुल 384 परियोजनाओं पर यह राशि खर्च की जाएगी।
दरभंगा एम्स को बचाने का 'मास्टर प्लान'
दरभंगा में बन रहे बिहार के दूसरे एम्स (AIIMS) को बाढ़ और जलजमाव से सुरक्षित रखने के लिए विशेष योजना बनाई गई है। शोभन इलाके में स्थित इस अस्पताल परिसर के चारों ओर 92.66 करोड़ रुपये की लागत से एक मजबूत रिंग बांध बनाया जाएगा।
रिंग बांध के साथ बनेगा ड्रेनेज सिस्टम
एम्स की सुरक्षा के लिए केवल बांध ही नहीं, बल्कि ड्रेनेज चैनल, आधुनिक पंप हाउस और संप का निर्माण भी होगा। सरकार का लक्ष्य है कि भारी बारिश के दौरान भी अस्पताल परिसर में पानी जमा न हो और मरीजों को कोई असुविधा न हो।
मंत्री विजय चौधरी के सख्त निर्देश
जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तटबंधों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने इंजीनियरों को साफ कहा कि वे खुद ग्राउंड जीरो पर जाकर निरीक्षण करें और मरम्मत कार्यों की रिपोर्ट विभाग को सौंपें।
आज जल संसाधन विभाग के विभागीय सभाकक्ष में माननीय मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी जी की अध्यक्षता में बिहार राज्य बाढ़ नियंत्रण पर्षद की 66वीं बैठक आयोजित की गई।#जल_संसाधन_विभाग #Bihar #FloodControl #BiharDevelopment pic.twitter.com/0IzyHyTLIg
— Water Resources Department, Government of Bihar (@WRD_Bihar) April 2, 2026
समय पर काम पूरा करने की चुनौती
मंत्री ने विभाग के अधिकारियों को स्थानीय प्रशासन के साथ तालमेल बिठाकर सभी संवेदनशील क्षेत्रों में काम जल्द पूरा करने को कहा है। सरकार का मुख्य उद्देश्य मॉनसून शुरू होने से पहले तटबंधों को पूरी तरह सुरक्षित बनाना है।
स्वास्थ्य ढांचे के लिए अहम है दरभंगा एम्स
बता दें कि नवंबर 2024 में पीएम मोदी ने इस 750 बेड वाले सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल का शिलान्यास किया था। करीब 1,264 करोड़ की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के लिए हाल ही में 700 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट भी मंजूर किया गया है।









