Royal Enfield: रॉयल एनफील्ड की मूल कंपनी आइशर मोटर्स ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ती मांग को देखते हुए अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने के बड़े प्लान को मंजूरी दे दी है। कंपनी के बोर्ड ने लॉन्ग टर्म स्ट्रैटजी के तहत प्रोडक्शन कैपेसिटी विस्तार और सप्लाई चेन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस प्रपोजल को स्वीकृति दी है।
फिलहाल, रॉयल एनफील्ड की कुल उत्पादन क्षमता करीब 14.6 लाख मोटरसाइकिल प्रति वर्ष है और कंपनी लगभग अपनी पूरी क्षमता पर काम कर रही है। नई योजना के तहत कंपनी इस क्षमता को बढ़ाकर 20 लाख यूनिट प्रतिवर्ष करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। यह विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। कंपनी के अनुसार उत्पादन क्षमता बढ़ाने की प्रक्रिया वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही से शुरू होगी और वित्त वर्ष 2027-28 तक इसे पूरी तरह लागू करने की योजना है।
इस विस्तार योजना के तहत आइशर मोटर्स तमिलनाडु के चेय्यार स्थित अपने प्लांट में ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट के जरिए लगभग 958 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी यह निवेश अपने आंतरिक संसाधनों से करेगी। इस निवेश से उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ मैन्युफैक्चरिंग दक्षता और सप्लाई सिस्टम को भी मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
दरअसल, रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलों की मांग भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी लगातार बढ़ रही है। कंपनी ने वर्ष 2025 में 10.70 लाख से अधिक यूनिट्स की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की थी। खास बात यह रही कि रॉयल एनफील्ड एक कैलेंडर वर्ष में 10 लाख से ज्यादा मोटरसाइकिल बेचने वाला पहला ब्रांड बन गया।
कंपनी का मानना है कि बढ़ती मांग और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यह क्षमता विस्तार कदम आने वाले समय में ब्रांड की बाजार स्थिति को और मजबूत करेगा और वैश्विक स्तर पर रॉयल एनफील्ड की मौजूदगी को बढ़ाने में मदद करेगा।
(मंजू कुमारी)









