MG SUV: जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी नई प्रीमियम फुल-साइज एसयूवी एमजी मैजेस्टर को शोकेस कर दिया है। कंपनी के अनुसार यह भारत की पहली डी+ सेगमेंट एसयूवी है, जिसे खास तौर पर प्रीमियम, पावरफुल और एडवांस टेक्नोलॉजी वाली एसयूवी चाहने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में पहली बार पेश की गई यह एसयूवी अब कंपनी की सबसे मजबूत और सक्षम एसयूवी मानी जा रही है।
एमजी मैजेस्टर अपने सेगमेंट में सबसे लंबी (5046 मिमी), सबसे चौड़ी (2016 मिमी) और सबसे ऊंची (1870 मिमी) एसयूवी है, जिसका व्हीलबेस 2950 मिमी है। इसमें मोज़ेक मैट्रिक्स ग्रिल, ड्रैगन आई डीआरएल, स्प्लिट हेडलैंप, कनेक्टेड एलईडी टेललैंप और 19-इंच अलॉय व्हील जैसे प्रीमियम एक्सटीरियर फीचर्स दिए गए हैं।
इंटीरियर
इसमें ब्लैक थीम के साथ प्रीमियम लेदर केबिन, पैनोरमिक सनरूफ, 64 कलर एम्बिएंट लाइटिंग, तीन-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और 6 या 7 सीटर विकल्प मिलता है। इसके अलावा इसमें 12.3-इंच डुअल डिस्प्ले, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, 12-स्पीकर JBL साउंड सिस्टम, डुअल वायरलेस चार्जर, 220V पावर आउटलेट और 75+ iSMART कनेक्टेड फीचर्स मिलते हैं।
परफॉर्मेंस
इसमें 2.0 लीटर ट्विन टर्बो डीजल इंजन दिया गया है, जो 215.5 PS पावर और 478.5 Nm टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ 2WD और एडवांस 4WD विकल्प मिलता है। खास बात यह है कि इसमें सेगमेंट में पहली बार फ्रंट, रियर और सेंटर ट्रिपल डिफरेंशियल लॉक, 10 ऑफ-रोड मोड, क्रॉल कंट्रोल, 219 मिमी ग्राउंड क्लीयरेंस और 810 मिमी वाटर वेडिंग क्षमता दी गई है।
बुकिंग और सेफ्टी
नई एमजी मैजेस्टर में लेवल-2 ADAS, 360 डिग्री कैमरा, ESP, ABS, EBD, ट्रैक्शन कंट्रोल और रोल मूवमेंट इंटरवेंशन जैसे फीचर्स दिए गए हैं। एमजी मैजेस्टर की प्री-बुकिंग 12 फरवरी से 41,000 रुपए में शुरू हो गई है। इसकी कीमतों का ऐलान लॉन्च के आसपास ही होगा। कंपनी इसी साल अप्रैल से टेस्ट ड्राइव शुरू करेगी और डिलीवरी मई से शुरू होने की उम्मीद है।
(मंजू कुमारी)










