दिल्ली-एनसीआर में वाहन चोरों की कमी नहीं है। आए दिन वाहन चोरी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। दिल्ली पुलिस हो या एनसीआर के अन्य शहरों की पुलिस, वाहन चोरों पर नकेल कसने के लिए लगातार प्रयास रहती है। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस ने भी एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। अब आप इस खबर को छोटा समझ रहे होंगे, लेकिन इस वाहन चोर ने रोते हुए जो आपबीती सुनाई है, उससे पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि जिले की वाहन चोरी निरोधक शाखा वाहन चोरी के मामलों की छानबीन कर रही थी। इस दौरान सीसीटीवी की जांच के दौरान एक युवक की पहचान हो गई। उसके बारे में सभी जगह सूचना फैला दी ताकि उसका सुराग लग सके। पुलिस ने उन इलाकों की सीसीटीवी भी जांची, जिस दिशा में बाइक चोर फरार हुआ था।
उन्होंने बताया कि 9 फरवरी को सूचना मिली कि वाहन चोर छावला इलाके में देखा गया है और चोरी की बाइक बेचने का प्रयास कर रहा है। इस पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को चोरी की बाइक समेत पकड़ लिया। उसकी पहचान आदित्य कुमार के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर बिंदापुर इलाके से चुराई गई स्कूटी भी बरामद की गई। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो उसने रोते हुए वारदात को अंजाम देने के पीछे की वजह बता दी।
डिलीवरी ब्वॉय बनने के लिए बाइक की थी जरूरत
पुलिस ने बताया कि आरोपी आदित्य ने बताया कि वह ऐप आधारित कंपनी और ट्रांसपोर्ट कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय की नौकरी करना चाहता था। इसके लिए उसे बाइक की जरूरत थी, लेकिन उसके पास नई बाइक खरीदने के पैसे नहीं थे। इसलिए उसने बाइकों को चुराने की सोची। उसने कहा कि अगर वो मनचाही बाइक खरीद लेता तो फिर ईमानदारी से डिलीवरी ब्वॉय की नौकरी करता। उधर, जांच अधिकारी का कहना है कि हर चोर कोई न कोई बहाना बनाकर खुद को बचने का प्रयास करता है। किसी को भी अपराध करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।











