Logo
Electric Bike: रॉयल एनफील्ड की इलेक्ट्रिक बाइक Flying Flea C6 कंपनी के लिए इस सेगमेंट में एक बड़ा कदम हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे 2026 की पहली तिमाही में लॉन्च किया जा सकता है। 

Electric Bike: रॉयल एनफील्ड की पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Flying Flea C6 का इंतजार अब खत्म होने वाला है। हाल ही में इसे चेन्नई की सड़कों पर बिना किसी कवर के टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। सामने आई नई तस्वीरों से साफ है कि यह बाइक प्रोडक्शन के बेहद करीब पहुंच चुकी है और कंपनी जल्द ही इसकी लॉन्च डेट का ऐलान कर सकती है।

EICMA में हो चुकी है पेशकश
Flying Flea C6 को पहली बार पिछले साल इटली में आयोजित EICMA शो में पेश किया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे 2026 की पहली तिमाही में लॉन्च किया जा सकता है। फिलहाल इसके कई प्रोटोटाइप देश के अलग-अलग हिस्सों में रोड टेस्टिंग के दौरान देखे जा रहे हैं।

क्लासिक डिजाइन, मॉडर्न टेक्नोलॉजी
इस इलेक्ट्रिक क्रूजर का डिजाइन द्वितीय विश्व युद्ध दौर की मशहूर Flying Flea से प्रेरित है। इसमें सर्कुलर हेडलैंप, गर्डर फ्रंट फोर्क, एक्सपोज्ड फ्रेम, बड़े अलॉय व्हील्स और बेल्ट ड्राइव सिस्टम दिया गया है। बैटरी एरिया में खास रिब्ड डिजाइन इसे यूनिक लुक देता है। हालिया स्पाई शॉट में मेन स्टैंड भी नजर आया है, जो डेली यूज के लिहाज से उपयोगी होगा।

संभावित परफॉर्मेंस और रेंज
कंपनी ने आधिकारिक स्पेसिफिकेशन का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उम्मीद है कि इसकी परफॉर्मेंस 250cc–350cc पेट्रोल बाइक के बराबर हो सकती है। इसमें 4–5 kWh का बैटरी पैक मिल सकता है, जो 100 से 150 किमी की रियल वर्ल्ड रेंज दे सकता है। LFP बैटरी, डुअल-चैनल ABS, डिस्क ब्रेक और IP67 प्रोटेक्शन जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है।

स्मार्ट फीचर्स से लैस
बाइक में सर्कुलर डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, कॉल/मैसेज अलर्ट और कीलेस इग्निशन जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं। Flying Flea C6, रॉयल एनफील्ड के इलेक्ट्रिक सेगमेंट में एक बड़ा कदम साबित हो सकती है।

(मंजू कुमारी)

5379487