Charlie Kirk shot dead: कौन थे ट्रंप के खासमखास चार्ली किर्क? गोली मारकर हत्या से अमेरिका में मचा हड़कंप
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी और टर्निंग पॉइंट यूएसए के संस्थापक चार्ली किर्क की यूनिवर्सिटी कैंपस में गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानें कौन थे किर्क, ट्रंप से उनका रिश्ता क्या था।
Charlie Kirk (फाइल फोटो)
Charlie Kirk shot dead: अमेरिका के प्रमुख दक्षिणपंथी नेता और डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह घटना 10 सितंबर को यूटा वैली यूनिवर्सिटी में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हुई। 31 वर्षीय चार्ली किर्क को अमेरिका में युवाओं का सबसे बड़ा कंजरवेटिव चेहरा माना जाता था और उनकी मौत ने पूरे देश में राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है।
कौन थे चार्ली किर्क?
चार्ली किर्क का जन्म वर्ष 1993 में इलिनॉय (Illinois) में हुआ था। उन्होंने केवल 18 साल की उम्र में टर्निंग पॉइंट यूएसए (Turning Point USA) की स्थापना की थी, जो आज अमेरिका का सबसे बड़ा कंजरवेटिव स्टूडेंट संगठन बन चुका है। वे युवाओं को डोनाल्ड ट्रंप की विचारधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते थे।
किर्क के सोशल मीडिया पर 5.3 मिलियन फॉलोअर्स थे और उनका रेडियो शो The Charlie Kirk Show हर महीने लगभग 5 लाख श्रोताओं तक पहुंचता था। वे कई किताबों के लेखक भी रहे हैं, जिनमें Time for a Turning Point और The College Scam प्रमुख हैं।
कब और कैसे हुई हत्या ?
10 सितंबर की शाम किर्क यूटा वैली यूनिवर्सिटी में एक सार्वजनिक चर्चा कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान वे मास शूटिंग्स पर सवालों का जवाब दे रहे थे, तभी अचानक एक गोली उनके गले में लगी और वे गिर पड़े। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि सिर्फ एक गोली चलाई गई और किर्क को ही सिर्फ निशाना बनाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ट्रंप के बेहद करीबी थे किर्क
चार्ली किर्क को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सबसे नजदीकी सहयोगी माना जाता था। ट्रंप ने कई मौकों पर कहा था कि किर्क को अमेरिका के युवाओं की नब्ज पहचानने की गहरी समझ है। किर्क की वजह से लाखों युवा वोटर रिपब्लिकन पार्टी की ओर आकर्षित हुए।
इसके अलावा वे इजरायल के भी बड़े समर्थक थे। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें 'Lion-hearted friend of Israel' कहकर सम्मानित किया था।
कितनी संपत्ति के मालिक थे चार्ली किर्क?
चार्ली किर्क सिर्फ राजनीतिक प्रभाव ही नहीं, बल्कि बड़ी संपत्ति के भी मालिक थे। उनकी अनुमानित नेटवर्थ करीब 12 मिलियन डॉलर (लगभग ₹100 करोड़) थी। 2023 में उन्होंने एरिजोना में $4.75 मिलियन की लग्जरी मेंशन खरीदी थी। 2020 तक उनकी सालाना आय $300,000 से ज्यादा थी। Turning Point USA का राजस्व अब 85 मिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है। उनकी आय का बड़ा हिस्सा पब्लिक स्पीकिंग, पॉडकास्ट और रेडियो शो से आता था।
अमेरिका में बढ़ती गन वॉयलेंस पर चिंता
चार्ली किर्क की हत्या ने एक बार फिर अमेरिका में गन वॉयलेंस पर बहस छेड़ दी है। यह घटना उस समय हुई जब वह खुद मंच से मास शूटिंग्स पर बात कर रहे थे। उनकी हत्या के बाद न सिर्फ रिपब्लिकन पार्टी बल्कि पूरे अमेरिका में गुस्सा और शोक की लहर है।