अमेरिका: डेनवर एयरपोर्ट पर उड़ने से पहले जलने लगा विमान; बाल-बाल बचे 173 यात्री
American Airlines Flight Fire: अमेरिका के डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा होने से टल गया। अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट AA3023 चलते-चलते जलने लगी। 179 लोगों की जान कैसे बची? जानिए।
American Airlines Flight Fire
American Airlines Flight Fire: अमेरिका के डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा होने से टल गया। शनिवार (26 जुलाई) को मियामी के लिए उड़ान भरने जा रही अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट AA3023 का लैंडिंग गियर फेल हुआ और आग लग गई। धुएं का गुबार उठा। अफरा-तफरी मच गई। तुरंत टेकऑफ रोका। विमान में सवार 173 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए बाहर निकाला। घटना में छह लोगों को चोट आई है।
घटना का वीडियो आया सामने
जानकारी के मुताबिक, अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 3023 शनिवार दोपहर 2:45 बजे मियामी के लिए उड़ान भरने जा रही थी। डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर टेकऑफ के समय अचानक विमान का लैंडिंग गियर फेल हो गया। विमान के पिछले हिस्से में आग लग गई। विमान में सवार 173 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स की जान पर बन आई। सूझबूझ से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि यात्री घबराकर स्लाइड से फिसलते हुए बाहर निकल रहे हैं।
तकनीकी खराबी के कारण लगी आग
फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि विमान में लगी आग को बुझा दिया है। अमेरिकन एयरलाइंस का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण विमान के टायर में आग लगी। घटना के बाद टायर को सर्विस से हटा लिया है। घटना की जांच की जा रही है।
87 उड़ानें प्रभावित
पैसेंजर्स को मियामी ले जाने के लिए एक नया विमान तैयार किया है। दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टॉप लागू रहा, जिसकी वजह से 87 उड़ानें प्रभावित हुईं। अब एयरपोर्ट पर सामान्य तरीके से कामकाज शुरू हो चुका है।