SCO Summit 2025: मोदी-पुतिन की मुलाकात से लेकर चीन से रिश्तों में नई शुरुआत तक , समिट की 10 बड़ी बातें

SCO समिट 2025 में पीएम मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की। पीएम मोदी ने समिट के दौरान आतंकवाद, यूक्रेन युद्ध, सीमा विवाद सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। जानें समिट के 10 बड़े पॉइंट्स।

Updated On 2025-09-01 15:46:00 IST

SCO Summit 2025: दुनिया के कई देशों के नेता एक मंच पर।

SCO Summit 2025: चीन के तियानजिन शहर में 25वां शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट का आज यानी 1 सितंबर को सफल समापन हुआ। समिट में पीएम नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। इस समिट में आतंकवाद, भारत-रूस साझेदारी और भारत-चीन रिश्तों में नई शुरुआत जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ''चीन की एक सफल यात्रा का समापन, जहाँ मैंने एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लिया और विभिन्न विश्व नेताओं से बातचीत की। साथ ही, प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर भारत के रुख पर भी जोर दिया। इस शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए राष्ट्रपति शी जिनपिंग, चीनी सरकार और जनता का आभार।''

आइए इस समिट की 10 बड़ी बातों पर एक नजर डालते हैं।

1. मोदी-पुतिन की मुलाकात

पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने समिट के दौरान गर्मजोशी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने रक्षा, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी और व्यापार जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। मोदी ने दिसंबर में होने वाले भारत-रूस शिखर सम्मेलन के लिए पुतिन को न्योता भी दिया।

3. आतंकवाद पर पीएम मोदी का सख्त संदेश

समिट के उद्घाटन सत्र में पीएम मोदी ने आतंकवाद को 'मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा' बताया। उन्होंने दोहरे मापदंडों को खारिज करने और आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त न करने की अपील की।

4. 7 साल बाद मोदी-शी जिनपिंग की मुलाकात

पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच 2018 के बाद पहली बार सीधी बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने सीमा विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने और आपसी सम्मान बनाए रखने पर जोर दिया।

5. LAC पर तनाव घटाने पर सहमति

मोदी ने कहा कि भारत और चीन के विशेष प्रतिनिधियों ने सीमा पर तनाव को संभालने के उपायों पर सहमति बनाई है। पिछले साल कज़ान समिट के बाद से कई जगहों पर सैनिकों की वापसी भी हुई है।

6. कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर शुरू

मोदी ने बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि पांच साल बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू किया जाएगा। इसे भारत-चीन रिश्तों में विश्वास बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।

7. भारत-चीन के बीच डायरेक्ट फ्लाइट शुरू

दोनों देशों ने सीधे हवाई उड़ानें फिर से शुरू करने पर भी सहमति जताई है। इससे कारोबार, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।

8. बहुपक्षीय सहयोग पर जोर

मोदी और शी दोनों ने बहुपक्षीय सहयोग की अहमियत पर जोर दिया। मोदी ने SCO को क्षेत्रीय शांति और विकास का मंच बताया, वहीं शी ने 100 विकास परियोजनाओं की घोषणा की।

9. भारत की विकास यात्रा में भागीदारी का निमंत्रण

प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत 'Reform, Perform, Transform' के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है और दुनिया को भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनने का न्योता दिया।

10. रूस-यूक्रेन युद्ध पर शांति की अपील

पीएम मोदी और पुतिन ने निजी बातचीत में रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की जरूरत पर जोर दिया। मोदी ने कहा कि भारत हमेशा शांति और स्थिरता का समर्थन करेगा।

Tags:    

Similar News