कौन हैं नीदरलैंड के Geert Wilders: क्यों नूपुर शर्मा से मिलना चाहते हैं? कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने का किया था समर्थन

Who is Geert Wilders?: गीर्ट वाइल्डर्स नीदरलैंड में पार्टी फॉर फ्रीडम (PVV) के संस्थापक और नेता हैं। चरमपंथी मुस्लिमों से मौत की धमकियों के कारण वे 2004 से 24 घंटे पुलिस की सुरक्षा में रहते हैं। इस समय उनकी उम्र 60 साल है।

Updated On 2024-02-18 10:46:00 IST
Geert Wilders had defended Nupur Sharma

Who is Geert Wilders?: नीदरलैंड में प्रधानमंत्री पद की रेस में सबसे आगे चल रहे दक्षिणपंथी नेता गीर्ट वाइल्डर्स ने भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को एक व्यक्तिगत मैसेज लिखा है। इसमें उन्होंने नूपुर शर्मा को बहादुर होने की संज्ञा देते हुए उनसे मिलने की इच्छा जताई है। वाइल्डर्स ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट में लिखा, ' मैंने बहादुर नूपुर शर्मा को समर्थन देने के लिए एक व्यक्तिगत संदेश भेजा है। उन्हें सच बोलने के लिए वर्षों से इस्लामवादियों द्वारा धमकी दी जाती है। पूरी दुनिया में जो आजादी का समर्थन करते हैं, उन्हें नूपुर का समर्थन करना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि एक दिन भारत दौरे के दौरान मैं उनसे मिलूंगा।' 

गीर्ट वाइल्डर्स ने कहा कि हम आम सहमति बनाने वाले देश हैं। हमारे देश में ज्यादा दक्षिणपंथी लोग नहीं हैं और न कभी होंगे। प्रवासियों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिससे देश के नागरिक नजरअंदाज हो रहे हैं। 

कौन हैं नूपुर शर्मा?
नूपुर शर्मा भाजपा की प्रवक्ता थीं। 2022 में उन्होंने एक टीवी डिबेट में पैगंबर के बारे में विवादित बयान दिया था। जिससे मुस्लिम समुदाय में नाराजगी भर गई थी। पूरे देश में विरोध प्रदर्शन हुए। इसके बाद भाजपा ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था। इससे पहले 2015 में भाजपा ने उन्हें दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ाया था। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ की अध्यक्ष रह चुकी हैं। 2008 में एबीवीपी की ओर से छात्र संघ चुनाव जीतने वाली एकलौती उम्मीदवार थीं। 2010 में उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा से सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। 

नूपुर शर्मा ने लंदन ऑफ इकॉनॉमिक्स से पढ़ाई की है। पेशे से वे वकील भी हैं। उन्होंने बर्लिन से भी पढ़ाई की है। नीदरलैंड के नेता गीर्ट वाइल्डर्स ने पैगंबर मुहम्मद पर टिप्पणियों पर विवाद के बीच नूपुर शर्मा का बचाव किया था।

गीर्ट ने किया था नूपुर का समर्थन
गीर्ट ने कहा था कि नूपुर शर्मा एक ऐसी हीरो हैं, जिन्होंने सच के अलावा कुछ नहीं बोला। पूरी दुनिया को उन पर गर्व होना चाहिए। वह नोबेल पुरस्कार की हकदार हैं। और भारत एक हिंदू राष्ट्र है, भारत सरकार इस्लामी नफरत और हिंसा के खिलाफ हिंदुओं की दृढ़ता से रक्षा करने के लिए बाध्य है।

कौन हैं गीर्ट वाइल्डर्स?
गीर्ट वाइल्डर्स नीदरलैंड में पार्टी फॉर फ्रीडम (PVV) के संस्थापक और नेता हैं। चरमपंथी मुस्लिमों से मौत की धमकियों के कारण वे 2004 से 24 घंटे पुलिस की सुरक्षा में रहते हैं। इस समय उनकी उम्र 60 साल है। पिछले साल मार्क रुटे की सरकार गिरने के बाद उन्होंने आम चुनाव में जीत हासिल की थी। उनकी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। हालांकि बहुमत नहीं है। इसलिए गीर्ट वाइल्डर्स नीदरलैंड में गठबंधन सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। 

नीदरलैंड की संसद में 150 सीटें हैं। ऐसे में उन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिए 76 के जादुई आंकड़े को पार करना होगा। गीर्ट इस वक्त निवर्तमान प्रधान मंत्री मार्क रुटे की केंद्र-दक्षिणपंथी पार्टी, मध्यमार्गी न्यू सोशल कॉन्ट्रैक्ट और किसान विरोध पार्टी बीबीबी के साथ गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

Similar News