Croydon Stabbing: साउथ लंदन में चाकूबाजी, 5 लोग घायल, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Croydon Stabbing Case: साउथ लंदन के क्रॉयडन में हुई चाकूबाजी की घटना में 5 लोग घायल हो गए। यह घटना क्रॉयडन के एक इंडस्ट्रियल पार्क में हुई, जो एक असदा सुपरमार्केट के पास स्थित है।

Updated On 2025-01-23 22:17:00 IST
लंदन के क्रॉयडन में चाकूबाजी की घटना में 5 लोग घायल, आरोपी गिरफ्तार।

Croydon Stabbing Case: साउथ लंदन के क्रॉयडन में हुई चाकूबाजी की घटना में 5 लोग घायल हो गए। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि घायल व्यक्तियों में एक व्यक्ति 50 वर्ष का, दो व्यक्ति 30 वर्ष के और दो व्यक्ति 20 वर्ष के थे। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
यह घटना क्रॉयडन के एक इंडस्ट्रियल पार्क में हुई, जो एक असदा सुपरमार्केट के पास स्थित है। पुलिस ने 30 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार व्यक्ति को भी चोटें आई थीं, लेकिन उसकी स्थिति भी स्थिर है।

स्थानीय पुलिस कमांडर चीफ सुपरिंटेंडेंट एंडी ब्रिटेन ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि घटना में शामिल सभी लोग एक-दूसरे को जानते थे। इसलिए, हमें नहीं लगता कि आम जनता के लिए कोई बड़ा खतरा है।

घटना स्थल पर पहुंची हेल्थ सेवाएं
घटना की सूचना मिलते ही घायलों के लिए एम्बुलेंस, एक फास्ट रिस्पॉन्स कार, सहित अन्य सेवाएं पहुंचाई गई। लंदन एम्बुलेंस सर्विस ने बताया कि एक घायल व्यक्ति को लंदन के एक बड़े ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। लंदन एम्बुलेंस सर्विस के प्रवक्ता ने बताया, "हमने सुबह 10:21 बजे घटना की सूचना मिलने पर कई संसाधन मौके पर भेजे और सभी पांच घायलों को इलाज किया।''

एक अन्य घटना में तीन की मौत
यह घटना उस दिन हुई जब एक किशोर को तीन लड़कियों की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में सजा सुनाई जानी थी। यह घटना उत्तर-पश्चिमी इंग्लैंड के साउथपोर्ट में टेलर स्विफ्ट थीम वाले डांस क्लास के दौरान हुई थी।

Similar News