Ukraine-Russia war: रूस ने यूक्रेन के सुमी शहर में की भारी बमबारी, 30 से अधिक लोगों की मौत, कई घायल

Ukraine-Russia war: यूक्रेन के सुमी शहर पर रविवार (13 अप्रैल) को रूसी मिसाइल हमले में 30 से अधिक लोगों की मौत हो गई। यह हमला तब हुआ जब पाम संडे (ईसाई त्योहार) मनाने के लिए इकट्ठा हुए थे।

Updated On 2025-04-13 18:52:00 IST
रूस ने यूक्रेन के सुमी शहर में की भारी बमबारी, 30 से अधिक लोगों की मौत

Ukraine-Russia war: यूक्रेन के सुमी शहर पर रविवार (13 अप्रैल) को रूसी मिसाइल हमले में 30 से अधिक लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। इस हमले में 40 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है। यह हमला तब हुआ जब पाम संडे (ईसाई त्योहार) मनाने के लिए सुबह करीब 10:15 बजे सैकड़ों लोग चर्च से निकलकर शहर के मध्य भाग में जुलूस निकाल रहे थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो बैलिस्टिक मिसाइलों के विस्फोट से आसपास के बाजार और आवासीय इलाके भी प्रभावित हुए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में मलबे के ढेर के बीच फंसे लोगों को बचाने का प्रयास करते रेस्क्यू वर्कर्स दिखाई दे रहे हैं।

जेलेंस्की ने कहा- रूस निर्दोष नागरिकों को निशाना बना रहा है
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इस घटना को 'मानवता के विरुद्ध अपराध' बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा, "रूस आज फिर से निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाया। यह नरसंहार है न कि युद्ध।" संयुक्त राष्ट्र ने भी इस घटना पर गहरी चिंता जताई है।

इस हमले से ठीक एक दिन पहले, रूसी मिसाइलों ने कीव स्थित भारतीय फार्मास्युटिकल कंपनी कुसुम हेल्थकेयर के गोदाम को नष्ट कर दिया था। यूक्रेनी सरकार ने इसे 'भारत के साथ दोहरी नीति' बताते हुए भारत सरकार से मजबूत प्रतिक्रिया की मांग की है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

Similar News