PNB घोटाला 2018: नीरव मोदी का भाई नेहल अमेरिका में गिरफ्तार; जानें क्या हैं उस पर आरोप?
Nehal Modi Arrest in US: नीरव मोदी के भाई नेहल मोदी को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी भारत के PNB घोटाले के तहत सीबीआई और ईडी के प्रत्यर्पण अनुरोध पर हुई है। पढ़ें पूरी खबर।
PNB घोटाला: नीरव मोदी का भाई नेहल अमेरिका में गिरफ्तार; जानें क्या हैं उस पर आरोप?
PNB Scam Latest Update : भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के भाई नेहल मोदी को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। 4 जुलाई को यह गिरफ्तारी अमेरिकी न्याय विभाग (U.S. Department of Justice) द्वारा की गई। यह कार्रवाई भारत सरकार द्वारा भेजे गए प्रत्यर्पण अनुरोध के बाद की गई, जिसे सीबीआई और ईडी ने संयुक्त रूप से आगे बढ़ाया था।
नेहल मोदी पर क्या हैं आरोप?
नेहल मोदी के खिलाफ दो मामलों में प्रत्यर्पण की कार्यवाही की जा रही है। इनमें एक धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 की धारा 3 के तहत मनी लॉन्ड्रिंग केस है। जबकि, दूसरे मामले में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 120-B और 201 के तहत आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने का आरोप है।
क्यों है यह गिरफ्तारी अहम?
नेहल मोदी, देश के सबसे बड़े बैंक घोटालों में से एक पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले में वांछित है। ED और CBI की जांच में यह सामने आया कि नेहल ने नीरव मोदी की अवैध कमाई को वैध दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यानी वह मनी लॉन्ड्रिंग के नेटवर्क का एक प्रमुख कड़ी था।
प्रत्यर्पण प्रक्रिया और दस्ताबूतों की जांच
प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई की ओर से अमेरिका को सौंपी गई कानूनी डोजियर और सबूतों के आधार पर अमेरिकी अभियोजन पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज की। इसके बाद अमेरिका ने नेहल मोदी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। अब प्रत्यर्पण प्रक्रिया अमेरिकी कोर्ट के तहत आगे बढ़ेगी। इसमें भारत से प्राप्त दस्तावेजों और सबूतों की जांच की जाएगी।
PNB घोटाला क्या है?
PNB घोटाला 2018 में सामने आया था, जिसमें नीरव मोदी और मेहुल चोकसी ने बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से ₹13,000 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी की थी। यह घोटाला भारत के बैंकिंग इतिहास का सबसे बड़ा स्कैम माना जाता है। नीरव मोदी अभी ब्रिटेन की जेल में बंद है और भारत को उसके प्रत्यर्पण का इंतजार है। अब उसके भाई की गिरफ्तारी से प्रवर्तन एजेंसियों को जांच और संपत्तियों की ट्रैकिंग में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
भारत के लिए क्या है अगला कदम?
भारत सरकार, नेहल मोदी के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की कोशिश कर रही है। अगर अदालत उसे भारत भेजने की अनुमति देती है, तो यह घोटाले की जांच में एक निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है।