Mexico Violence 2025: मेक्सिको के इरापुआतो में त्योहार के दौरान गोलीबारी, 12 की मौत, 20 घायल
मेक्सिको के गुआनाजुआतो राज्य के इरापुआतो में सेंट जॉन त्योहार के दौरान गोलीबारी में 12 लोगों की मौत, 20 घायल। गुआनाजुआतो हिंसा से जूझ रहा है।
मेक्सिको: इरापुआतो में त्योहार के दौरान गोलीबारी, 12 की मौत, 20 घायल
Guanajuato violence 2025 : मेक्सिको में गुआनाजुआतो राज्य के इरापुआतो शहर में मंगलवार (24 जून 2025) रात त्योहार मना रहे लोगों पर भीषण गोलीबारी हुई। इस दर्दनाक घटना में 12 लोगों की मौत हो गई है। जबकि, 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। यह हमला उस समय हुआ जब सेंट जॉन द बैप्टिस्ट त्योहार के मौके पर लोग सड़क पर नाच-गाना और जश्न मना रहे थे। स्थानीय प्रशासन ने बुधवार को इस घटना की पुष्टि की है।
मृतकों में महिलाएं और किशोर भी शामिल
गोलीबारी में जान गंवाले वाले 11 लोगों की पहचान हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, इनमें 8 पुरुष, 2 महिलाएं और एक 17 वर्षीय किशोर शामिल है। घटना की वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आई है। इसमें गोलियों की आवाज के साथ भागते हुए लोग दिख रहे हैं।
अपराध ग्रस्त इलाका बना गुआनाजुआतो
गुआनाजुआतो राज्य मेक्सिको सिटी के उत्तर-पश्चिम में स्थित है। हाल के वर्षों में देश का सबसे हिंसाग्रस्त क्षेत्र बन गया है। यहां ड्रग और क्राइम सिंडिकेट्स के बीच वर्चस्व की जंग चलती रहती है। 2025 के पिछले 5 महीनों में यहां 1,435 हत्याएं रिकॉर्ड की गई हैं। यह आंकड़ा देश के अन्य राज्यों की तुलना में लगभग दोगुने से अधिक है।
एक महीने में दूसरी बड़ी घटना
गुआनाजुआतो राज्य में एक महीने के अंदर गोलीबारी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इसके पहले सैन बार्तोलो दे बेरियोस में भी एक कैथोलिक पार्टी के दौरान फायरिंग हुई थी, जिसमें करीब 7 लोगों की जान चली गई थी। इस घटना के बाद पुलिस एक्टिव हुई, लेकिन अपराधियों पर खौफ पैदा नहीं कर सकी। जिस कारण वह लगातार बेखौफ वारदातें कर रहे हैं।