यूपी BJP: अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी ने भरा नामांकन, CM योगी बने प्रस्तावक; 7 बार के सांसद का निर्विरोध चुना जाना तय
उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया।
Pankaj Chaudhary New UP BJP President: उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सोमवार को पार्टी कार्यालय में दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा। केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद रहे।
इस चुनाव को आगामी पंचायत और 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले विपक्ष के 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले की काट के तौर पर देखा जा रहा है। 45 वर्षों के पार्टी इतिहास को बरकरार रखते हुए, इस बार भी मतदान की नौबत नहीं आने की उम्मीद है, और नए अध्यक्ष का नाम रविवार को घोषित किया जाएगा।
आज नामांकन, कल होगी 17वें प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यह चुनाव शनिवार (13 दिसंबर) और रविवार (14 दिसंबर) को होगा। चुनाव के लिए 464 मतदाताओं की सूची तैयार की गई है, जिसमें पांच सांसद, 26 विधायक, आठ एमएलसी, 425 प्रांतीय परिषद के सदस्य और जिलाध्यक्ष शामिल हैं।
नामांकन पत्र आज दोपहर दो बजे से तीन बजे तक भाजपा प्रदेश मुख्यालय में दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद पत्रों की जांच और वापसी का समय निर्धारित है। 17वें प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा रविवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. आंबेडकर सभागार में होगी।
पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल रविवार को अध्यक्ष के नाम की घोषणा करेंगे।
ओबीसी चेहरे पर दांव, पंकज चौधरी रेस में सबसे आगे
पार्टी में यह चर्चा है कि आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा विपक्ष के 'पीडीए' फार्मूले की काट के लिए एक मज़बूत ओबीसी चेहरे पर दांव लगा सकती है। महाराजगंज के सांसद और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी (कुर्मी बिरादरी) इस रेस में सबसे प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं, क्योंकि वह सात बार के सांसद हैं।
अन्य प्रमुख ओबीसी दावेदारों में राज्यसभा सदस्य और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, राज्यसभा सदस्य बाबूराम निषाद, और प्रदेश महामंत्री अमर पाल मौर्य का नाम भी चर्चा में है। इसके अलावा, साध्वी निरंजन ज्योति, विनोद सोनकर, विद्या सागर सोनकर और जुगल किशोर जैसे दलित चेहरों के नामों पर भी विचार किया जा रहा है।
12 वर्षों बाद हो रहा चुनाव, 45 साल का रिकॉर्ड बरकरार
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का यह चुनाव 12 वर्षों बाद हो रहा है। आखिरी बार वर्ष 2013 में चुनाव हुआ था, जब लक्ष्मीकांत बाजपेयी निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे। इसके बाद के चारों अध्यक्ष नामित किए गए थे। भाजपा के 45 वर्षों के इतिहास में अध्यक्ष पद के लिए कभी भी मतदान नहीं हुआ है।
पार्टी में आम सहमति से ही अध्यक्ष का चयन होता रहा है। हालांकि, पहले भी वर्ष 2000 में कलराज मिश्र के सामने रामप्रकाश त्रिपाठी ने और वर्ष 1980 में माधव प्रसाद त्रिपाठी के सामने कल्याण सिंह ने नामांकन दाखिल कर हलचल बढ़ाई थी, लेकिन शीर्ष नेतृत्व के हस्तक्षेप से मतदान टाल दिया गया था।
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, "पंकज चौधरी ने एकमात्र नामांकन पत्र दाखिल किया है। नामांकन की समय-सीमा दोपहर 3 बजे तक थी। अब नामांकन की जांच (स्क्रूटनी) चल रही है। नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कल (14 दिसंबर) की जाएगी... लोग काफी उत्साहित हैं..."
बता दें कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी (महाराजगंज से सांसद) के निर्विरोध चुने जाने की संभावना प्रबल है। नामांकन प्रक्रिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
यह चुनाव प्रक्रिया भाजपा की संगठनात्मक मजबूती और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का हिस्सा है।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय से बाहर निकले। इस दौरान पार्टी कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका अभिवादन किया और माहौल पूरी तरह राजनीतिक उत्साह से भरा रहा।
यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रस्तावक की भूमिका में नजर आए। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में विनोद तावड़े, भूपेंद्र चौधरी सहित कई सांसद, विधायक और मंत्री शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।
यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि पार्टी की संगठनात्मक प्रक्रिया अंतिम चरण में है। नामांकन के बाद यह साफ हो जाएगा कि बीजेपी अपने संविधान और चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के तहत कितनी पारदर्शिता और ईमानदारी से लोकतांत्रिक तरीके से काम करती है। उन्होंने कहा कि नामांकन प्रक्रिया से उम्मीदवारों की तस्वीर स्पष्ट होगी और जल्द ही इसकी जानकारी साझा की जाएगी। साथ ही ब्रजेश पाठक ने भरोसा जताया कि 2027 में बीजेपी फिर से उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी, क्योंकि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के जंगलराज और गुंडाराज को अब भी याद करती है।
उत्तर प्रदेश भाजपा के संभावित नए प्रदेश अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंच गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हाथ जोड़कर गर्मजोशी से अभिवादन स्वीकार किया। आज नामांकन प्रक्रिया के तहत उनका निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है।
योगी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आज नामांकन की प्रक्रिया है और पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। उन्होंने इशारों ही इशारों में बताया कि नए अध्यक्ष अपने समाज में बेहद लोकप्रिय हैं, पार्टी के लिए लंबे समय से मेहनत कर रहे हैं और वह सात बार से सांसद रह चुके हैं। स्वतंत्र देव सिंह के बयान से साफ संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी को नेतृत्व में एक मजबूत और अनुभवी चेहरा मिलने वाला है।
चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावाड़े भी भाजपा कार्यालय पहुंच चुके हैं। कुछ ही देर में नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ पार्टी दफ्तर पहुंच चुके हैं, जहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने प्रभु राम और हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। सीएम योगी ने भी हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। पार्टी दफ्तर में नेताओं का जमावड़ा लग चुका है और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी वहां पहुंच गई हैं। इसी बीच जानकारी दी गई है कि पंकज चौधरी आज उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे और थोड़ी देर में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने वाली है।
लखनऊ एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय निकले पंकज चौधरी और विनोद तावड़े।