Loksabha Election: कांग्रेस की न्याय यात्रा में शामिल हुए अखिलेश यादव, सीट शेयरिंग के बाद पहली बार राहुल-प्रियंका के साथ एक मंच पर आए नजर

Lok Sabha election 2024: आगरा की सड़कों पर रविवार को यूपी के दो लड़कों (राहुल-अखिलेश) की जोड़ी साथ आई तो स्वागत के लिए समर्थकों का हुजुम उमड़ पड़ा। 2017 के विधानसभा चुनाव में भी दोनों ने इसी तरह की यात्राएं की थी। 

Updated On 2024-02-25 18:21:00 IST
आगरा में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान रोड शो करते राहुल गांधी, अखिलेश यादव और प्रियंका यादव।

Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में रविवार को अखिलेश यादव और प्रियंका भी शामिल हुए। रविवार को आगरा की सड़कों पर तीनों नेताओं ने बस की बोनट पर खड़े होकर सेल्फी ली और अभिवादन करते हुए रोड-शो किया। अखिलेश ने इस दौरान यूपी में जीत का दावा करते हुए भाजपा हटाओ, संकट मिटाओ का नारा दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, युवा और मजदूर हर वर्ग परेशान है। बता दें कि अखिलेश की समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में सीटों पर समझौता हो चुका है। इसमें कांग्रेस को 17 सीटें मिली हैं। बाकी 63 पर सपा अन्य सहयोगियों के साथ उम्मीदवार उतारेगी। 

यह आगरा है जनाब नफ़रत करने वालों को भी मोहब्बत सिखा देता है 
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने X पर लिखा कहा, नफ़रत करने वालों को भी मोहब्बत सिखा देता है ये ‘आगरा’ है जनाब, जो दिलों को मिला देता है। इससे पहले यात्रा में उन्होंने कहा कि आगरा शहर दुनिया में जाना जाता है। राहुल गांधी मोहब्बत की दुकान को लेकर चले हैं और यह पूरा शहर ही मोहब्बत का है।  आने वाले समय में लोकतंत्र और संविधान को बचाने की चुनौती हैं...हमें उम्मीद है कि INDIA गठबंधन और PDA की लड़ाई NDA को हराने का काम करेगी।
भारत जोडो न्याय यात्रा में राहुल गांधी ने कहा, अगर आप गरीब हैं तो इस देश में आपके साथ 24 घंटे अन्याय होगा। नफरत का कारण अन्याय है। इसलिए हमने अपने यात्रा में न्याय शब्द को जोड़ दिया है। 
 
मथुरा से चुनाव लड़ने का निर्णय नहीं लिया: जयंत 
मथुरा में RLD प्रमुख जयंत चौधरी ने कहा कि हमारे विधायक मथुरा आए हैं। लोकसभा चुनाव को लेकर के चर्चा हुई है। अभी (मथुरा से चुनाव लड़ने की) ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है, घोषणा होने के बाद बात की जाएगी। उनकी (राहुल गांधी) यात्रा को मेरी शुभकामनाएं हैं। उम्मीद है कि वे यहां आकर आगरा-मथुरा के लोगों को शराबी नहीं कहेंगे।  
 

Similar News