महाकुंभ का 40वां दिन: संगम आने-जाने वाले सभी रास्तों पर जबरदस्त भीड़, आज 30 से ज्यादा VIP लगाएंगे डुबकी

प्रयागराज महाकुंभ का शुक्रवार (21 फरवरी) को 40वां दिन है। 13 जनवरी से अब तक 58.34 करोड़ लोग डुबकी लगा चुके हैं। 21 से 28 फरवरी के लिए 1200 बसें रिजर्व रखी गई हैं।

Updated On 2025-02-21 11:54:00 IST
Mahakumbh Today Update

Mahakumbh Today Update: महाकुंभ का शुक्रवार (21 फरवरी) को 40वां दिन है। आखिरी वीकेंड होने के कारण जबरदस्त भीड़ है। संगम आने वाले सभी रास्तों पर 10 किमी तक भीड़ है। शहर के बाहर की पार्किंग में ही वाहनों को रोका जा रहा है। 10 किमी तक लोगों को पैदल चलना पड़ रहा है। प्रयागराज आने-जाने वाली 8 ट्रेनें 28 फरवरी तक रद्द कर दी गई हैं। सुबह 8 बजे तक 31 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया। 13 जनवरी से अब तक 58.34 करोड़ लोग डुबकी लगा चुके हैं। शुक्रवार को 35 से ज्यादा VIP पहुंचेंगे।

ड्रोन से देखिए प्रयागराज में त्रिवेणी संगम का नजारा 

महाशिवरात्रि: 1200 बसें रिजर्व 
26 फरवरी को महाशिवरात्रि है। 21 से 28 फरवरी के लिए 1200 बसें रिजर्व में रखी गई हैं। इसके अलावा संगम क्षेत्र में 750 शटल बसें भी चल रही हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ महाकुंभ की तैयारियां देखने के लिए 23 फरवरी को फिर प्रयागराज आ रहे हैं। सीएम महाशिवरात्रि से जुड़ी तैयारियां देखेंगे।

8वीं तक की कक्षाएं ऑनलाइन लगेंगी
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने 20 फरवरी को नया आदेश जारी किया। प्रयागराज में भीड़ को देखते हुए स्कूलों में आठवीं तक की कक्षाएं ऑनलाइन लगेंगी। इधर प्रशासन के निर्देश पर जेल में बंद कैदियों को संगम के जल से स्नान करवाया गया। शुक्रवार को सेंट्रल जेल नैनी और जिला जेल में बंद 1450 कैदियों ने संगम के जल से स्नान किया। संगम से गंगा जल जेल लाया गया था। जेल में बने पानी के टैंक में डाला गया। इससे ही कैदियों ने स्नान किया। 

आज 34 वीआईपी संगम में लगाएंगे डुबकी

रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए 
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की घटना से सबक लेते हुए रेलवे ने प्रयागराज के कई रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बना दिए हैं। यह व्यवस्था महाशिवरात्रि पर आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बनाई है। प्रयागराज जंक्शन पर 1.15 लाख वर्ग फीट, नैनी में 1.14 लाख वर्ग फीट, प्रयागराज छिवकी में 80 हजार वर्ग फीट, प्रयाग जंक्शन पर 1.07 लाख वर्ग फीट, फाफामऊ जंक्शन पर 94 हजार वर्ग फीट, झूंसी में 1.93 लाख वर्ग फीट और प्रयागराज रामबाग में 43 हजार वर्ग फीट में स्थायी और अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाई है।

महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालु सावधान
महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालु सावधान हो जाएं...!  महाकुंभ में महिलाओं की प्राइवेसी में खलल डाली जा रही। संगम में स्नान करते, कपड़े बदलते समय महिलाओं के चोरी-छिपे फोटो-वीडियो बनाए जा रहे हैं। इन वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है। बुधवार को कुंभ मेला पुलिस ने एक इंस्टाग्राम अकाउंट के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। अब तक 101 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट पर FIR हो चुकी है।  

Similar News