उत्तर प्रदेश: योगी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात की मौत, जानें कैसे हुई घटना

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बुधवार (18 दिसंबर) को बड़ी घटना हो गई। विधानसभा घेराव करने आए कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडेय की मौत से हड़कंप मच गया।

Updated On 2024-12-18 19:33:00 IST
Lucknow News

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार (18 दिसंबर) को बड़ी घटना हो गई। संभल, बहराइच हिंसा समेत कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा का घेराव कर प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडेय अचानक बेहोश हो गए। गोरखपुर से प्रदर्शन में शामिल होने आए प्रभात को लेकर साथी कार्यकर्ता सिविल हॉस्पिटल पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रभात की मौत कैसे हुई‍? पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण सामने आएगा। फिलहाल पुलिस CCTV कैमरे खंगाल रही है। पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

जानें पूरी घटना 
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता कई मुद्दों को लेकर योगी सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने भारी सुरक्षा इंतजाम किए थे। गोरखपुर से पूर्व यूथ कांग्रेस महासचिव प्रभात पांडेय भी प्रदर्शन में शामिल होने आए थे। विधानसभा घेराव करते समय अचानक कार्यकर्ता प्रभात जमीन पर बेहोश होकर गिर गए। प्रभात को सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रभात की मौत के बाद हड़कंप मच गया। घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं में गुस्सा है। 

इसे भी पढ़ें:  UP विधानसभा: सदन में सपा, सड़क पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, निजीकरण और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा 

डिप्टी सीएम ने दिए जांच के आदेश
प्रभात की मौत की खबर मिलते ही डिप्टी CM ब्रजेश पाठक सिविल हॉस्पिटल पहुंचे। ब्रजेश ने कहा कि हमारी सरकार मृतक परिवार के साथ है। हमें जैसे ही जानकारी मिली, हमने अस्पताल में फोन करके बेहतर इलाज का प्रबंध करने के निर्देश दिए थे, लेकिन यहां आने पर पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है। मृतक के साथ हमारी सरकार खड़ी है, उनके शव को व्यवस्थित तरीके से घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। डिप्टी CM ने जांच के आदेश दिए हैं।

हम न्याय की लड़ाई लड़ेंगे 
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रभात पांडेय की प्रदर्शन के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत से हमारा प्रत्येक कार्यकर्ता दुखी है। हम सभी मुसीबत की घड़ी में प्रभात के परिवार के साथ खड़े हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो पाएगा की मौत कैसे हुई। वे हमारे पार्टी के सदस्य थे और हम पूरी ताकत के साथ उनके न्याय की लड़ाई लड़ेंगे। 

पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
डीसीपी सेंट्रल रवीना त्यागी ने बताया कि 28 वर्षीय प्रभात पांडेय को बेहोशी की हालत में कांग्रेस कार्यालय परिसर से सिविल अस्पताल लाया गया है। उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों के मुताबिक मृतक के शरीर में कोई चोट नहीं पाई गई है। वीडियोग्राफी के साथ एक पैनल से पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Similar News