VIDEO: गाजियाबाद की मुरादनगर मस्जिद में नमाज पढ़ते-पढ़ते अचानक गिरा आर्मी से रिटायर्ड बुजुर्ग, हार्ट अटैक से तोड़ा दम

Ghaziabad Elderly Dies: गाजियाबाद जैसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में मेरठ में एक युवती की अचानक मौत हुई थी। वह डांस कर रही थी। वाराणसी में एक युवक जिम में वर्कआउट करते समय गिरा और अस्पताल में उसकी जान चली गई थी।

Updated On 2024-05-02 12:55:00 IST
Ghaziabad

Ghaziabad Elderly Dies: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मुरादनगर मस्जिद में नमाज अदा करते समय अचानक दिल का दौरा पड़ने से बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है। यह घटना मस्जिद में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। बुजुर्ग आर्मी से रिटायर्ड था। वह नमाज पढ़ रहा था। तभी वह पीछे की तरफ लुढ़का और तड़पने लगा। मस्जिद में मौजूद लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े, हालांकि गंभीर दिल का दौरा पड़ने के कुछ ही मिनटों बाद उनकी मृत्यु हो गई।

छप्पर वाली मस्जिद में पढ़ रहे थे नमाज
मुरादनगर में छप्पर वाली मस्जिद है। आर्मी से रिटायर्ड हाजी हनीफ (80 साल) आदर्श कॉलोनी में रहते थे। वे मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे। नमाज पढ़ते-पढ़ते वह अचानक पीछे की तरफ गिर गए। उन्हें इस तरह गिरता देख मदद के लिए लोग दौड़े। लेकिन थोड़ी देर में उनकी सांसें थम गईं। वीडियो में देखा जा सकता है कि हाजी हनीफ मस्जिद में इबादत में तल्लीन हैं, तभी अचानक उन्हें कुछ तकलीफ होती नजर आती है। कुछ ही मिनटों में बुजुर्ग व्यक्ति को जमीन पर गिरते हुए देखा जाता है, जबकि वह अपना हाथ अपनी छाती पर रखते हुए दिखाई देते हैं। संभवत: वह संकेत दे रहे थे कि उनके सीने में अत्यधिक दर्द है। 

Watch Video...

हाजी हनीफ की मौत का यह वीडियो गुरुवार, 1 मई को सोशल मीडिया पर सामने आया है। घटना वास्तव में कब घटित हुई, इसकी सटीक तारीख और समय की अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है।

मेरठ में डांस कर रही युवती की हुई थी मौत
इसी तरह की घटना उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से सामने आई थी। तीन दिन पहले एक लड़की की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई थी। वह अपनी चचेरी बहन के शादी समारोह में डांस कर रही थी। डांस कर रही लड़की को अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वाराणसी में वर्कआउट कर रहे युवक की गई थी जान
वाराणसी में पियरी इलाके के रहने वाले 32 साल के दीपक गुप्ता को बॉडी बिल्डिंग का शौक था। वह रोज शहर के सिद्धगिरि बाग इलाके में एक जिम में वर्कआउट के लिए जाते थे। उन्हें वर्कआउट करते समय अचानक सिर में तेज दर्द उठा। फिर वह बेंच पर बैठ गया। फिर अचानक नीचे गिरा। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 

Similar News