दशहरा 2024: महिला ने पति, सास-ससुर और ननद का पुतला किया दहन, बोली-अभी वनवास खत्म नहीं हुआ

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दशहरे के दिन (12 अक्टूबर ) को महिला ने रावण की शक्ल में अपने पति, सास, ससुर और ननद के पुतले का दहन किया।

Updated On 2024-10-14 16:01:00 IST
हमीरपुर में महिला ने पति, सास-ससुर और ननद का पुतला किया दहन।

Hamirpur News: हमीरपुर में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दशहरे के दिन (12 अक्टूबर ) की शाम को महिला ने चौंकाने वाला कारनामा कर दिखाया। महिला ने रावण की शक्ल में अपने पति, सास, ससुर और ननद के पुतले का दहन किया। विजयादशमी के दिन महिला ने पति के घर के सामने चारों की तस्वीरें चस्पा कर पुतला दहन कर संदेश देने की कोशिश कि है समाज में बैठे रावण रूपी लोगों का बहिष्कार करना चाहिए। इतना ही नहीं महिला ने यूपी सरकार से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

शादी के बाद दिया धोखा
जानकारी के मुताबिक, हमीरपुर के मुस्करा कस्बे में रहने वाली प्रियंका की शादी 14 साल पहले संजीव दीक्षित से हुई थी। संजीव का अफेयर पहले से ही उसकी बहन की सहेली पुष्पांजलि से चल रहा था। शादी के कुछ दिन बाद संजीव ने अपनी पत्नी प्रियंका को छोड़ दिया। इसके बाद संजीव पुष्पांजलि नाम की लड़की के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगा। 

सास-ससुर और ननद ने पति का दिया साथ
प्रियंका को जब इस बात का पता चला तो उसने विरोध करना शुरू किया। प्रियंका के विरोध पर सास-ससुर और ननद ने भी आपत्ति जताई। किसी का साथ नहीं मिलने से परेशान प्रियंका कई वर्षों से से दर-दर भटकने को मजबूर है। ससुराल वालों से पीड़ित प्रियंका ने विजयादशमी के दिन पति के घर के सामने पति ,सास, ससुर और ननद की तस्वीरें चस्पा कर पुतलों का दहन किया। 

14 साल बाद भी वनवास खत्म नहीं 
पीड़िता प्रियंका दीक्षित ने मीडिया से कहा कि उसकी शादी को 14 साल हो गए हैं, लेकिन उसका वनवास अभी खत्म नहीं हुआ है। प्रियंका ने उत्तर प्रदेश सरकार से मदद की गुहार लगाई। उनका कहना है कि योगी सरकार 'बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ' अभियान चला रही है, लेकिन एक पढ़ी-लिखी बेटी का बचाव नहीं हो पा रहा है। प्रियंका ने सरकार से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Similar News