Rajasthan: दौसा में एक बार फिर देह व्यापार का भंडाफोड़, 3 महिला समेत 4 गिरफ्तार
Rajasthan: दौसा जिले के महुवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वेश्यावृत्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बार फिर एक रिहायशी इलाके में संचालित अनैतिक गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है।
Rajasthan: दौसा जिले के महुवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वेश्यावृत्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बार फिर एक रिहायशी इलाके में संचालित अनैतिक गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रामबाबू की बगीची के पास स्थित एक मकान पर छापा मारते हुए महिला दलाल सहित कुल चार लोगों को पीटा (PITA) एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व महुवा पुलिस उपाधीक्षक मनोहर लाल मीणा ने किया। पुलिस ने विशेष रणनीति अपनाते हुए एक बोगस ग्राहक को मकान के भीतर सौदे की पुष्टि के लिए भेजा। जैसे ही सौदे की जानकारी मिली, पुलिस ने मौके पर दबिश दी और मकान में चल रहे देह व्यापार को रंगे हाथों पकड़ लिया।
4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
थाना अधिकारी राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अपूर्वा और रन्थी नायक (निवासी जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल), राजंती, तथा एक युवक गंगाराम कोली शामिल हैं। चारों को अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम यानी पीटा एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
पुलिस ने यह भी बताया कि इसी मकान पर 10 फरवरी को भी छापा मारा गया था, जिसमें कई महिलाएं और एक दलाल पकड़े गए थे। बावजूद इसके, आरोपी दलाल ने पुनः उसी स्थान पर अवैध गतिविधियां शुरू कर दीं। मकान एक रिहायशी कॉलोनी के बीचोंबीच स्थित है, जिससे इलाके के निवासी लंबे समय से असहज महसूस कर रहे थे और शिकायतें भी दर्ज करवाई गई थीं। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के तार कहां-कहां जुड़े हैं।