आखिरी सांस तक हमसफर का साथ: एक साथ बुजुर्ग दंपती के निकले प्राण, निभाया परिवार को दिया वचन

Rajasthan News: राजस्थान के जोधपुर में एक अनोखी घटना हुई। मौत से पहले ही पति-पत्नी कहते थे कि साथ-साथ जिंदगी को जिया तो ऊपर भी साथ-साथ ही जाएंगे। शनिवार को बुजुर्ग दंपती ने परिवार से किए इस वादे को पूरा किया।

Updated On 2024-05-26 13:01:00 IST
लक्ष्मण सिंह और शांति का एक साथ हुआ स्वर्गवास।

Rajasthan News: साथ-साथ जीवन जिया है। साथ-साथ ही ऊपर जाएंगे। यह बात 90 साल की आयु पार करने वाले बुजुर्ग दंपती अपने परिवार से कहते थे। दोनों की बातों को परिवार मजाक समझता था, लेकिन दोनों ने एक दूसरे का वादा निभाया और शनिवार को एक साथ प्राण त्याग दिए। पहले पति का निधन हुआ। पति की मौत की खबर सुनते ही पांच मिनट बाद पत्नी ने भी शरीर छोड़ दिया। 94 साल के लक्ष्मण सिंह भाटी और 92 साल की शांति के एक साथ स्वर्गवास ने सबको हैरान कर दिया। घटना जोधपुर के त्रिपोलिया की है। 

पति के निधन की खबर से पत्नी ने छोड़ा शरीर 
जोधपुर के त्रिपोलिया में रहने वाले लक्ष्मण सिंह भाटी उर्फ हरिओम (94) को सांस की परेशानी होने पर अस्पताल में भर्ती करवाया। रातभर इलाज के बाद शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई। पति के निधन की खबर मिलने के पांच मिनट बाद उनकी पत्नी शांति देवी ने घर पर दम तोड़ दिया। दोनों ने परिवार को दिए अपने वचन को पूरा किया। 

15 दिन पहले 75वीं सालगिरह बनाई थी 
लक्ष्मणसिंह और शांति देवी ने 15 दिन पहले ही अपनी 75वीं शादी की सालगिरह मनाई थी। शांति देवी दो सालों से बीमार थी और बेड पर ही थी। सालगिरह मनाते हुए दोनों ने मजाक में परिवार के लोगों से कहा था दोनों अब साथ–साथ ही जाएंगे। बता दें कि लक्ष्मण सिंह रेलवे में बोयलर मेकर मिस्त्री थे। 1990 में वह रिटायर हो गए थे। 

साथ-साथ जाते थे मंदिर 
बता दें कि पति-पत्नी पहले रोज सुबह-सुबह एक साथ मंदिर जाते थे। तीन साल पहले शांति देवी की तबीयत खराब रहने लगी। दो साल से वह बेड पर ही थी। ऐसे में लक्ष्मण सिंह को अपनी पत्नी की चिंता बनी रहती थी। लक्ष्मण सिंह और शांति देवी अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़कर गए है। उनके पांच बेटे हैं और 1 बेटी है। और उनके भी बच्चे है।

Similar News