राजस्थान में कांग्रेस को तगड़ा झटका: 40 साल पुराना नाता तोड़कर महेंद्रजीत सिंह मालवीय भाजपा में शामिल, बोले- मैं अपने घर लौटा हूं

Mahendrajeet Singh Malviya Joins BJP: ​​​​​​​मालवीय पहली बार 2008 में जनता दल (यूनाइटेड) के जीतमल खांट को 45,000 वोटों से हराकर विधायक बने थे। 2013 में मजबूत सत्ता विरोधी लहर के बावजूद मालवीय ने भाजपा के खेमराज गरासिया को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी।

Updated On 2024-02-19 16:00:00 IST
Mahendrajeet Singh Malviya

Mahendrajeet Singh Malviya Joins BJP: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भले ही भाजपा में अभी न गए हों, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले राजस्थान में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। सोमवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री और आदिवासी नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीय भाजपा में शामिल हो गए। वे पिछले 40 सालों से कांग्रेस में थे। मालवीय ने कहा कि मैं छात्र जीवन से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ा रहा हूं। आज मुझे ऐसा लग रहा है कि मैं वापस अपने घर आ गया हूं। 

सीपी जोशी बोले- मालवीय पीएम मोदी से प्रभावित
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि आज आदिवासी क्षेत्र के प्रमुख नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीय भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और नेतृत्व से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने का विकल्प चुना है। जोशी ने इस बात पर जोर दिया मालवीय ने खुद कहा है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आदिवासी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने एक आदिवासी महिला के देश की राष्ट्रपति बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि का भी उल्लेख किया और इसे पीएम मोदी की नीतियों का प्रभाव बताया जिसने महेंद्रजीत सिंह मालवीय को प्रभावित किया है।

मालवीय ने कांग्रेस को निशाने पर लिया
भाजपा में शामिल होने से पहले कांग्रेस की आलोचना करते हुए मालवीय ने कहा कि आप पूरे देश में कांग्रेस की दुर्दशा देख सकते हैं। कुछ चुनिंदा लोगों द्वारा पार्टी को अंदर से परेशान किया जा रहा है और खोखला किया जा रहा है। कहीं न कहीं, यह अपने दृष्टिकोण से भटक गई है। 

सूत्रों के मुताबिक, मालवीय कांग्रेस नेतृत्व से 'खुश' नहीं थे। मालवीय वर्तमान में बांसवाड़ा जिले की बागीदौरा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। दक्षिणी राजस्थान में भाजपा मजबूत है। ऐसे में मालवीय के जुड़ने से भाजपा की ताकत और बढ़ गई है, जिसका फायदा लोकसभा चुनाव में मिल सकता है। 

पहली बार 2008 में चुने गए थे विधायक 
मालवीय पहली बार 2008 में जनता दल (यूनाइटेड) के जीतमल खांट को 45,000 वोटों से हराकर विधायक बने थे। 2013 में मजबूत सत्ता विरोधी लहर के बावजूद मालवीय ने भाजपा के खेमराज गरासिया को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी। 2018 में वह फिर से गरासिया पर भारी पड़े। 2023 के विधानसभा चुनाव में, महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र से BADVP के जयकृष्ण पटेल को हराया। 

Similar News