Bharatpur Crime: घर में सो रही मां-बेटी की धारदार हथियार से हत्या, डबल मर्डर से फैली सनसनी

राजस्थान के भरतपुर में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। डीग में मंगलवार रात घर में सो रही मां-बेटी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Updated On 2024-09-04 10:31:00 IST
Basti Crime News

Bharatpur Crime: भरतपुर में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। डीग में मंगलवार रात को घर में सो रही मां-बेटी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। महिला के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। महिला को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि पुरानी रंजिश के कारण दोनों की हत्या की गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जेल से बेल पर आई थी महिला 
कामां थाना इलाके के भुड़ाका गांव निवासी भौता देवी (35) 3 महीने पहले ही अपने जेठ की हत्या के मामले में जेल से बेल पर बाहर आई थी। महिला अपनी बेटी के साथ गांव में रहती थी। भौता देवी के पति की 2014 में बीमारी के कारण मौत हो गई थी। मंगलवार देर रात भौता देवी और उसकी बेटी नेहा (17) घर में अकेले सो रहे थे। देर रात भौता देवी के घर में कुछ लोग घुसे और धारदार हथियारों से दोनों पर हमला कर दिया।

चीखने की आवाज सुनकर लोग पहुंचे 
हमले में नेहा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। भौता देवी चिल्लाई तो हमलावर उसे घायल हालत में छोड़कर फरार हो गए। चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भौता देवी के घर पहुंचे। उसे अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान भौता देवी ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कामां अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पिछले साल जेठ का किया था मर्डर
भौता देवी ने अपने भाई के साले भूपेंद्र गुर्जर के साथ षड़यंत्र रचकर जेठ घनश्याम गुर्जर की 11 जुलाई 2023 को धारदार हथियार से हत्या करवा दी थी। मृतक घनश्याम गुर्जर का शव खेतों में पड़ा मिला था। भौता देवी को 17 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 3 महीने जेल में रहने के बाद भौता देवी की जमानत हो गई थी।

Similar News