35 साल बाद गूंजी किलकारी: ताने के डर से 6 साल से मायके नहीं गई पत्नी, कहा-बेटा होने की खुशी बयां नहीं कर सकते

Rajasthan News: अलवर की रहने वाली एक 55 वर्षीय महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। महिला ने बताए कि 6 साल से अपने पीहर नहीं गई। समाज और परिवार वाले हमेशा बच्चे न होने पर ताने देते थे।

Updated On 2024-06-08 17:53:00 IST
अलवर में 55 वर्षीय महिला ने दिया बेटे को जन्म।

Rajasthan News: अलवर की रहने वाली एक 55 वर्षीय महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। महिला ने बताया कि 6 साल से अपने पीहर नहीं गई। समाज और परिवार वाले हमेशा बच्चे न होने पर ताने देते थे। महिला की शादी 1990 में हुई थी। पति एलआर मीणा आर्मी और बैंक में हेड ऑफ सिक्योरिटी के पद से रिटायर्ड हैं। 

महिला के पति एलआर मीणा ने बताया कि किसी समारोह में जाओ तो लोग कहते- ये क्या खाना खिलाएंगे? ये क्या प्रोग्राम रखेंगे? हमें हमेशा से ही निसंतान होने का ताना देते थे। डॉक्टरों को दिखाया, अलग-अलग इलाज भी लिया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। देवी-देवताओं के भी जा कर आए। इतना ही नहीं नौकरी से जो भी सैलरी आती सब पत्नी के इलाज पर खर्च कर देता। 

35 साल बाद गूंजी किलकारी
बच्चे न होने को लेकर हम दोनों पति-पत्नी इतना डिप्रेशन आ गए थे, कि लगता अब जीने का कोई मकसद नहीं बचा है। इस दौरान कई बार मन में सुसाइड के खयाल भी आए। लेकिन, सही इलाज मिला तो 55 साल की पत्नी गर्भवती हुई और आज घर में 35 साल बाद किलकारी गूंजी है। हम और हमारी पत्नी इससे काफी खुश हैं। जो बयां नहीं कर सकते।

6 साल से पीहर नहीं गई पत्नी
महिला के पति बताते हैं कि जब ये चीजें महसूस होने शुरू हुई तो हमने घर-परिवार में आना-जाना ही बंद कर दिया। इसके अलावा हमारी पत्नी 6 साल से अपने पीहर नहीं गई। लोगों ने हमें समाज से अलग-थलग कर दिया था। हमें ऐसा लग रहा था कि अब हमारा जीवन ही खत्म हो गया है। मीणा ने बताया कि शुक्रवार को बेटे ने जन्म लिया है। इसकी बहुत ज्यादा खुशी है।

2 साल से चल रहा था इलाज
महिला ने जिस डॉक्टर से इलाज कराया उसके मुताबिक, रामदेई मेरे पास इलाज के लिए आई थी, तब उनकी उम्र 53 साल थी। उम्र ज्यादा होने की वजह से इलाज में थोड़ी मुश्किल थी। लेकिन, दंपती का उत्साह देख हमने भरपूर प्रयास किए। उन्होंने पालन भी किया जिसकी वजह से आज उनके घर में किलकारी गूंजी है।

Similar News