जगुआर विमान हादसा: पाली के ऋषिराज सिंह शहीद, आज होगा अंतिम संस्कार

जगुआर फाइटर जेट क्रैश में पाली जिले के फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह देवड़ा शहीद हो गए। आज गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Updated On 2025-07-10 13:40:00 IST

Rishiraj Singh Devda: राजस्थान के चूरू जिले में रतनगढ़ के पास बुधवार को भारतीय वायुसेना का जगुआर लड़ाकू विमान हादसे का शिकार हो गया। जिसमें पाली जिले के युवा फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह देवड़ा वीरगति को प्राप्त हो गए। आज गुरुवार को उनका पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह के शहीद होने की सूचना मिलते ही पैतृक गांव सुमेरपुर के खिवांदी में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन जहां बेटे के विवाह की तैयारियों में जुटे थे, वहीं अब घर में मातम पसरा हुआ है। ऋषिराज का पार्थिव शरीर आज गुरुवार को खिवांदी लाया जा रहा है, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

देशभक्ति से भरा था बचपन से मन

जानकारी के अनुसार ऋषिराज सिंह बचपन से ही मेधावी छात्र थे और सेना में जाने का सपना देखते थे। उन्होंने जोधपुर से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद पुणे स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) में प्रवेश लिया। वहां से तीन साल की कठिन ट्रेनिंग पूरी करने के बाद 2023 में वायुसेना में फ्लाइट लेफ्टिनेंट के रूप में नियुक्त हुए। वर्तमान में वे सूरतगढ़ एयरबेस पर तैनात थे।

धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौटे थे माता-पिता

कुछ दिन पहले ही ऋषिराज के माता-पिता और दादी खिवांदी में आयोजित एक धार्मिक आयोजन में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम संपन्न होते ही वे जोधपुर लौट गए। इसी दौरान उन्हें बेटे की शहादत की दुखद सूचना मिली।

हादसे की प्रारंभिक वजह तकनीकी खामी

बुधवार दोपहर लगभग 12:40 बजे रतनगढ़ क्षेत्र के भानुदा गांव के पास जगुआर विमान क्रैश हो गया। यह विमान सूरतगढ़ एयरबेस से प्रशिक्षण मिशन पर रवाना हुआ था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तकनीकी खराबी के कारण पायलट और को-पायलट विमान से इजेक्ट नहीं कर सके। हादसे में विमान पूरी तरह नष्ट हो गया और घटनास्थल पर बड़ा गड्ढा बन गया। विस्तृत जांच वायुसेना द्वारा की जा रही है।

Tags:    

Similar News