Punjab Flood: पंजाब में बाढ़ से हाहाकार, 37 साल बाद उफान पर नदियां, डूबे सैकड़ों गांव

Punjab Flood: पंजाब के कई जिलों में बाढ़ के हालात हैं। इसकी वजह से सैकड़ों गांव पानी में डूब गए हैं। हजारों लोग घरों से पलायन करने को मजबूर हैं। हर तरफ बचाव कार्य जारी है।

Updated On 2025-08-29 13:21:00 IST

पंजाब में बाढ़। 

Punjab Flood: बारिश के कारण कई राज्यों का हाल-बेहाल है। हर तरफ पानी ही पानी है। पहाड़ी इलाकों में पहाड़ दरक रहे हैं। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और इनके आसपास के इलाकों में हालात खराब हैं। कई गांव पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं। गांव के लोग कैंप में रहने को मजबूर हैं। वहीं मैदानी इलाकों में हर तरफ पानी-पानी है।पंजाब में भी बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है। जन जीवन अस्त-व्यस्त है। लोगों का कहना है कि लगभग 37 साल बाद उन्होंने बाढ़ के ऐसे हालात देखे हैं।

पंजाब में हर तरफ पानी ही पानी है। तीन नदियों (सतलुज, ब्यास और रावी) ने यहां जलप्रलय ला दी है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फिरोजपुर, अमृतसर, कपूरथला, तरन-तारन और फाजिल्का में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। निचले इलाकों में पड़ने वाले सैकड़ों गांव पूरी तरह से डूब गए हैं। हजारों लोग घरों से पलायन करने को मजबूर हैं।

हिमाचल-कश्मीर की बारिश से आया संकट

पंजाब के बाढ़ से पीड़ित गांवों में राहत और बचाव कार्य जारी है। हालांकि पहाड़ी इलाकों से मैदानी इलाकों तक होने वाली बारिश मुश्किलें बढ़ा रही है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में भारी बारिश हो रही है। इसके कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियों का पानी उफान पर है। इन नदियों का पानी पंजाब के रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए जिला प्रशासन को आदेश दे दिए हैं। इसके लिए आज चंडीगढ़ में एक हाई लेवल बैठक भी होने वाली है। प्रशासन ने राजपुरा में फ्लड कंट्रोल रूम बनाया है। साथ ही इमरजेंसी नंबर भी जारी किया है।

पंजाब सरकार के ये नेता बाढ़ इलाकों में एक्टिव

  • बता दें कि कैबिनेट मंत्री लालजीत भुल्लर अपने विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में सेवाएं दे रहे हैं। पानी से घिरे परिवारों को सुरक्षित स्थानों और शिविरों में ले जाया जा रहा है। लोगों को हर तरह की मदद समय पर उपलब्ध करायी जा रही है।
  • आप के आधिकारिक एक्स हैंडल पर बताया गया है कि बाढ़ की आपदा के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में अजनाला निर्वाचन क्षेत्र से विधायक कुलदीप सिंह भी मौजूद हैं और वे बाढ़ प्रभावित लोगों को सेवाएं दे रहे हैं।
  • बीते दिन मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। बहुत से बाढ़ प्रभावित पीड़ितों की मदद की। साथ ही प्रशासन के लोगों को हर स्तर पर पीड़ितों की मदद करने के आदेश दिए।
  • इसके अलावा बहुत से नेता बाढ़ प्रभावित इलाकों में उतरकर लोगों से बातचीत कर रहे हैं और साथ ही भोजन आदि की व्यवस्था करा रहे हैं। 
Tags:    

Similar News