MP News Live Today 30 August 2025: मध्य प्रदेश की ताजा खबरें-एक क्लिक में पढ़ें

MP News Live: मध्य प्रदेश की शनिवार (30 अगस्त) की सभी बड़ी खबरें और ब्रेकिंग न्यूज पढ़ें एक ही पोस्ट में। राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम व अन्य खबरों पर नजर।

Updated On 2025-09-01 10:00:00 IST

मध्य प्रदेश की शनिवार (30 अगस्त) की बड़ी खबरें।

MP Latest News Today : मध्य प्रदेश में शनिवार (30 अगस्त) को कहां क्या हुआ? राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम, शिक्षा, स्वास्थ्य, ट्रांसफर लिस्ट और अन्य बड़ी खबरों का लाइव अपडेट। दिनभर की हर जरूरी खबर अब एक ही जगह बिना स्क्रॉल किए पढ़ें।

इस लाइव ब्लॉग के जरिये मध्य प्रदेश की ताज़ा और जरूरी खबरों को संक्षेप में पेश किया जा रहा है। शहर, कस्बे और गांव से जुड़ी हर जरूरी खबर, जिसके बारे में आप जानना चाहते हैं।

MP News 30 August 2025 ताज़ा अपडेट्स

Live Updates
2025-08-30 22:10 IST

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कार्यालय में दो दिवसीय मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी रहे। आयोजन जिला पुनरीक्षण प्रभारी एवं विधानसभा मतदाता पुनरीक्षण प्रभारी के सहयोग से किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी चौधरी ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण केवल तकनीकी कार्य नहीं बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का अभियान है। हर सही मतदाता का नाम सूची में होना चाहिए और किसी भी प्रकार की वोट चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस लगातार मतदाता सूची के सत्यापन और पुनरीक्षण कार्य में जुटी है।

कार्यक्रम में बताया गया कि किस तरह से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में डोर-टू-डोर कैम्पेन चलाया जाएगा। मतदाता सूची को पारदर्शी और शुद्ध बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

2025-08-30 21:11 IST

मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। नर्मदा के कछार में बारिश के कारण खंडवा के इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर डैम के गेट खोल दिए गए हैं। मौसम विभाग ने बड़वानी, धार के लिए ऑरेंज अलर्ट और बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, अलीराजपुर, झाबुआ, इंदौर, रतलाम, देवास, मंदसौर, नीमच, छिंदवाड़ा के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज में गरज-चमक के साथ बौछार की संभावना है। जिला प्रशासन अलर्ट पर है और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

2025-08-30 21:08 IST

मध्य प्रदेश के पन्ना में एक बार फिर धरती ने अपनी चमक बिखेरी। युवा किसान अभिलाष और उनके तीन साथियों, राजेश मजूमदार और दिलीप कुमार मिस्त्री, को जरुआपुर की निजी खदान से 4.90 कैरेट का जेम्स क्वालिटी हीरा मिला। इसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है। उन्होंने यह हीरा जिला हीरा कार्यालय में जमा कर दिया, जो आगामी नीलामी में बिकेगा।

अभिलाष ने बताया कि नीलामी से मिलने वाली राशि का उपयोग वे खदान कार्य और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में करेंगे। पन्ना की धरती ने फिर साबित किया कि यह रंक को राजा बना सकती है।

2025-08-30 18:37 IST

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत अभियान में मध्यप्रदेश सक्रिय योगदान दे रहा है। पर्यटन को रोजगार से जोड़कर राज्य सरकार नए अवसर सृजित कर रही है। गत वर्ष धार्मिक पर्यटन में मध्यप्रदेश देश में अव्वल रहा।

ग्वालियर में आयोजित रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव सहित रीवा, उज्जैन में भी ऐसे आयोजन हुए। कूनो का राष्ट्रीय चीता अभ्यारण्य, चंबल का घड़ियाल अभ्यारण्य और माधव नेशनल टाइगर पार्क पर्यटन की अपार संभावनाएं दर्शाते हैं। मध्यप्रदेश के 27 विश्व धरोहर स्थल राज्य की समृद्धि को बढ़ाएंगे। पूरी खबर पढ़िए...

2025-08-30 18:34 IST

मध्य प्रदेश के भिंड जिले के बरोही थाना क्षेत्र में सावित्री लोधी पेट्रोल पंप पर हेलमेट न होने पर पेट्रोल देने से मना करने पर बाइक सवार युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीकांड में पंप संचालक तेज नारायण सिंह के दाहिने हाथ में गोली लगी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बरोही थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन अज्ञात आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

2025-08-30 14:40 IST

मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई। शनिवार, 30 अगस्त को नामांकन और 2 सितंबर को वोटिंग होनी है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि, नवीन कार्यकारिणी के लिए इंदौर से भी कई लोगों ने नामांकन फॉर्म लिए हैं।  

2025-08-30 14:33 IST

मध्य प्रदेश के भिंड से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। शनिवार (30 अगस्त) सुबह यहां बिना हेलमेट पेट्रोल न देने पर बाइक सवार युवकों ने पंप संचालक तेज नारायण लोधी (55) को को गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है। हमले के बाद आरोपी अवैध कट्‌टे और लाइसेंसी बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए भाग निकले।

नेशनल हाईवे-719 पर स्थित लोधी पेट्रोल पंप पर हुई यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। आरोपी यहां बाइक में पेट्रोल लेने आए थे।  

2025-08-30 10:14 IST

भोपाल, 30 अगस्त 2025: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल में ‘स्वदेशी से स्वाबलंबन’ विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया, जिससे प्रदेश में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को गति मिले। उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ की अवधारणा मध्यप्रदेश को तकनीकी और औद्योगिक नवाचार का केंद्र बनाएगी। संगोष्ठी में उद्यमियों, नीति निर्माताओं और विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।

Full View

2025-08-30 10:02 IST

भोपाल में गणेश उत्सव के तहत प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्थाओं की समीक्षा शुक्रवार को महापौर मालती राय ने की। उन्होंने डोल ग्यारस से अनंत चतुर्दशी तक विसर्जन कुण्डों और स्थलों पर बेहतर इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महापौर ने चल समारोह मार्गों, विसर्जन स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, प्रकाश, और पेयजल की चाक-चौबंद व्यवस्था पर जोर दिया। पूजन सामग्री को पृथक कर निष्पादन स्थल तक पहुंचाने और निर्माल्य वाहनों के उपयोग के लिए श्रद्धालुओं को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए

2025-08-30 10:00 IST

स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (STSF) ने भोपाल में वन्यजीव तस्करी के अंतर्राज्यीय गिरोह के सरगना बृजमोहन मोगिया (निवासी शिवपुरी) को गिरफ्तार किया है। इससे पहले 4 जुलाई को गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था, जिनसे 225 वन्यजीवों की हड्डियां बरामद हुई थीं।

पूछताछ में पता चला कि बृजमोहन गिरोह का मास्टरमाइंड था और फरार था। मुखबिर की सूचना पर शिवपुरी की STSF और वनमंडल की संयुक्त टीम ने ग्राम खरई खेरोना बस स्टैंड से बृजमोहन को पकड़ा। रिमांड पर पूछताछ में तस्करी नेटवर्क और अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पहले पकड़े गए आरोपी

  • दौजी भील (राजस्थान)
  • सुनीता भील (राजस्थान)
  • बनीराम मोगिया (नरवर, शिवपुरी)
  • नरेश उर्फ कुल्लू (कोलारस, शिवपुरी)
  • राजाराम मोगिया (टोंक, राजस्थान)
  • सौजीराम मोगिया (नरवर, शिवपुरी)

जांच: STSF यह पता लगाने में जुटी है कि बृजमोहन कब से तस्करी में शामिल था और गिरोह में कितने लोग थे। जल्द ही और आरोपियों की गिरफ्तारी संभावित है।

Tags:    

Similar News