RSS प्रमुख मोहन भागवत इंदौर पहुंचे, ‘मनुष्य निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ विषय पर देंगे उद्बोधन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत आज बुधवार को इंदौर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से वे मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद के लिए रवाना हुए।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत आज बुधवार को इंदौर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से वे मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद के लिए रवाना हुए। उनके आगमन को लेकर संघ कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों में खासा उत्साह देखने को मिला।
डॉ. मोहन भागवत कसरावद में श्री रामकृष्ण विश्व सद्भावना निकेतन की ओर से आयोजित एक विचार-प्रेरक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस आयोजन में सेवा कार्यों से जुड़े कार्यकर्ता, सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय लोग और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सरसंघचालक का मुख्य उद्बोधन “मनुष्य निर्माण से राष्ट्र निर्माण” विषय पर केंद्रित रहेगा। अपने संबोधन में वे समाज जीवन में सकारात्मक बदलाव, संगठन की भूमिका, सेवा कार्यों के महत्व और सामाजिक समरसता के माध्यम से राष्ट्र विकास जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देंगे.
संघ से जुड़े लोगों के अनुसार, डॉ. मोहन भागवत का यह प्रवास सेवा और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। खासकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका को लेकर उनके विचार इस कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता रहेंगे।
इस दौरे को RSS कार्यकर्ताओं के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि ऐसे आयोजनों से संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक चेतना को भी बल मिलता है।