MP News 1 August 2025: मध्यप्रदेश की ताजा खबरें-एक क्लिक में पढ़ें

MP News Live: मध्य प्रदेश की शुक्रवार (1 अगस्त) की सभी बड़ी खबरें और ब्रेकिंग न्यूज पढ़ें एक ही पोस्ट में। राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम व अन्य खबरों पर नजर।

Updated On 2025-08-01 17:47:00 IST

MP News Live Today1 August 2025

MP News Live Today1 August 2025: मध्य प्रदेश में शुक्रवार (1 अगस्त) को कहां क्या हुआ? जानिए राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम, शिक्षा, स्वास्थ्य, ट्रांसफर लिस्ट और अन्य बड़ी खबरों का लाइव अपडेट। दिनभर की हर जरूरी जानकारी अब एक ही जगह- बिना स्क्रॉल किए, बिना गूगल किए। यह लाइव ब्लॉग मध्य प्रदेश की ताज़ा और जरूरी खबरों को संक्षेप में पेश करता है। शहर, कस्बे और गांव से जुड़ी हर जरूरी खबर, जिसके बारे में आप जानना चाहते हैं- एक क्लिक में पढ़ें।

MP News 1 August 2025 ताज़ा अपडेट्स

Live Updates
2025-08-01 17:22 IST

सतना में संत प्रेमानंद महाराज का गला काटने की धमकी

सतना के एक युवक ने वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद से ही क्षेत्र की जनता में आक्रोश है। लोगों ने इस आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले युवक पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

2025-08-01 17:19 IST

विजय शाह के इस्तीफे की मांग पर कांग्रेस का हंगामा

मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पांचवें दिन कांग्रेस विधायकों ने मंत्री विजय शाह के विवादित बयान को लेकर उनका इस्तीफा मांगा। इस दौरान सदन में भारी हंगामा हुआ, जिससे कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी। कांग्रेस ने सदन के बाहर भी खाद संकट को लेकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि हाईकोर्ट भी विजय शाह के बयान को "माफ़ी योग्य नहीं" मानता है, फिर भी भाजपा उनका बचाव कर रही है।

वहीं, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विश्वास सारंग ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर सेना के शौर्य पर सवाल उठाने और पाकिस्तान-चीन की भाषा बोलने का आरोप लगाया। भाजपा ने कांग्रेस के हंगामे को सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामले को जबरन सदन में उठाने की कोशिश बताया।

2025-08-01 13:46 IST

सदन की कार्यवाही 4 अगस्त तक स्थगित
मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पांचवे दिन विपक्ष के विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया। जिसके चलते कार्यवाही एक बार 10 मिनट और दूसरी बार आधे घंटे के लिए स्थगित करने पड़ी। दोपहर करीब डेढ़ बजे स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यवाही 4 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी।

2025-08-01 11:44 IST

विधानसभा के मानसून सत्र का पांचवां दिन

आज मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का पांचवां दिन है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार आज प्रदेश में 108 एंबुलेंस सेवा में गड़बड़ी का मामला उठाएंगे। वे ध्यानाकर्षण के माध्यम से यह मुद्दा उठाएंगे कि 108 एंबुलेंस का संचालन करने वाली जय अंबे इमरजेंसी सर्विसेस द्वारा जरूरतमंद मरीजों, गर्भवती महिलाओं और घायलों को समय पर एंबुलेंस की सुविधा नहीं दी जा रही है।

2025-08-01 11:41 IST

संदेश कुमार जैन बने AIIMS भोपाल के नए डिप्टी डायरेक्टर

नक्सल ऑपरेशन, एटीएस और पुलिस रेडियो विंग जैसे संवेदनशील महकमों में सेवाएं दे चुके वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संदेश कुमार जैन अब AIIMS भोपाल के नए डिप्टी डायरेक्टर (प्रशासन) होंगे। यह पहली बार है, जब किसी पुलिस अधिकारी को एम्स भोपाल में प्रशासनिक कमान सौंपी गई है। वे 4 अगस्त को अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।

2025-08-01 11:40 IST

मुख्य महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) बनी अमिता तिवारी

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा प्रशासनिक सुविधा की दृष्टि से कंपनी मुख्यालय में पदस्थ उप मुख्य महाप्रबंधक अमिता तिवारी को प्रोजेक्ट अनुभाग की मुख्य महाप्रबंधक का प्रभार सौंपा गया है।

2025-08-01 11:39 IST

बीबीएस परिहार बने उप मुख्य महाप्रबंधक भोपाल शहर

भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आदेश जारी कर बीबीएस परिहार को भोपाल शहर वृत्त का उप मुख्य महाप्रबंधक का प्रभार सौंपा गया है। इसी प्रकार अमित श्रीवास्तव, रवि प्रकाश चौबे, राजेंद्र कुमार अग्रवाल को उप मुख्य महाप्रबंधक कंपनी मुख्यालय तथा राजेश सक्सेना को उप मुख्य महाप्रबंधक श्योपुर वृत्त बनाया गया है। इसी क्रम में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष जय नारायण नागर की सेवाएं अध्यक्ष के रूप में निरंतर रखते हुए उप मुख्य महाप्रबंधक का प्रभार सौंपा गया है।

2025-08-01 11:39 IST

भोपाल में आज से बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं

भोपाल में आज यानी, 1 अगस्त से बिना हेलमेट के टूव्हीलर्स चालकों को न तो पेट्रोल दिया जाएगा और न ही उनकी गाड़ी में सीएनजी गैस भरी जाएगी। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने 30 जुलाई को यह आदेश जारी किया था। पहले दिन समझाइश का दौर भी चलेगा।

2025-08-01 11:38 IST

एमपी में इन जिलों में बारिश का अलर्ट

MP Weather: मध्यप्रदेश में इस बार मानसून पूरे जोश में नजर आ रहा है। जहां एक ओर भारी बारिश का दौर कुछ हद तक थम गया है, वहीं कई जिलों में अब भी हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना हुआ है। गुरुवार को भोपाल, बैतूल, दतिया, गुना, ग्वालियर, नर्मदापुरम, पचमढ़ी, जबलपुर, मंडला, रीवा, सीहोर और देवास जैसे कई जिलों में रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही।

अब फिर से अलर्ट जारी हो गया है! मौसम विभाग ने 1 अगस्त को श्योपुर, मुरैना, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में तेज बारिश और येलो अलर्ट की चेतावनी दी है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

Tags:    

Similar News