लाडली बहनों के लिए खुशखबर: CM मोहन यादव ने किया ऐलान, बैंक खाते में इस दिन आएगी 25वीं किस्त की राशि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार 16 जून को जबलपुर जिले के बरगी में जनकल्याण कार्यक्रम में 2,081 करोड़ से अधिक की राशि का सिंगल क्लिक ट्रांसफर हितग्राहियों के खातों में करेंगे।
Ladli Behna Yojana 25th installment : मध्य प्रदेश की सवा करोड़ लाड़ली बहनों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार (16 जून) को उनके बैंक खातों में जून महीने की किश्त ट्रांसफर करेंगे। जबलपुर के बरगी में आयोजित कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव लाड़ली बहना, सामाजिक सुरक्षा, संबल और सिलेंडर रिफिलिंग योजनाओं के तहत 2081 करोड़ रुपए हितग्राहियों के खाते में ट्रांसफर करेंगे।
1.27 करोड़ लाड़ली बहनों को 1551 करोड़
मुख्यमंत्री मोहन यादव इस कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की 1.27 करोड़ बहनों को 25वीं किस्त के रूप में 1551.44 करोड़ सीधे उनके बैंक खातों में स्थानांतरित करेंगे। साथ ही 56 लाख 68 हजार पेंशन हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 341 करोड़ की राशि ट्रांसफर करेंगे।
27 लाख बहनों को गैस सिलेंडर के 39.14 करोड़
उज्ज्वला योजना से जुड़ी 27 लाख से अधिक महिलाओं के लिए गैस सिलेंडर रिफिलिंग की ₹39.14 करोड़ की राशि भी खातों में अंतरित की जाएगी। साथ ही संबल योजना के तहत 6,821 श्रमिक परिवारों को ₹150 करोड़ की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
लाड़ली बहना योजना क्या है?
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना (CM Ladli Behna Yojana) की शुरुआत तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मार्च 2023 में की थी। इसके तहत पंजीकृत महिलाओं को हर माह ₹1,250 की वित्तीय सहायता उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। सरकार अब तक 25 हजार करोड़ रुपए दे चुकी है।
लाड़ली बहना योजना के उद्देश्य
- महिलाओं को स्वावलंबी और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना
- महिलाओं की सामाजिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी स्थिति में सुधार
- घरेलू जरूरतों के लिए निजी खर्च की स्वतंत्रता देना
- परिवार में महिलाओं की भागीदारी और सम्मान बढ़ाना
विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी
मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरण कर विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। जनकल्याण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में योजनाओं के हितग्राही भी मौजूद रहेंगे। योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।