यमुनानगर: पत्नी ने पति को चाकू से गोदा, सिर, गर्दन और छाती पर किया हमला, पुलिस को फोन कर फरार

गंभीर रूप से घायल सुखबीर ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। आरोपी पत्नी नीशू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं।

Updated On 2025-10-05 13:59:00 IST

हरियाणा क्राइम न्यूज। 

हरियाणा के यमुनानगर में पति-पत्नी के बीच एक मामूली पारिवारिक विवाद ने शनिवार शाम को एक खूनी रूप ले लिया। इस हिंसक वारदात में पत्नी ने घर में रखे चाकू से पति पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

यह सनसनीखेज घटना यमुनानगर के प्रतापनगर के गांव खिजरी की है। मृतक की पहचान सुखबीर (32) के रूप में हुई है। हमले के बाद पत्नी ने खुद ही पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचते ही वह मौके से फरार हो गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी नीशू को बाद में गिरफ्तार कर लिया।

अक्सर झगड़े होते थे

मृतक सुखबीर और आरोपी पत्नी नीशू के बीच अक्सर झगड़े होते थे। ग्रामीणों और मृतक के परिवार के अनुसार सुखबीर शराब पीने का आदी था और उसकी दूसरी पत्नी नीशू मानसिक रूप से परेशान रहती थी। शनिवार शाम को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्सा इतना बढ़ गया कि नीशू ने घर में मौजूद चाकू उठा लिया और सुखबीर पर हमला कर दिया।

घटना का वीडियो भी सामने आया

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार पत्नी ने सुखबीर के सिर, मुंह, गर्दन और छाती जैसे महत्वपूर्ण अंगों पर कई वार किए। हमले में सुखबीर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। पड़ोसियों ने जब शोर सुना तो वे मौके पर पहुंचे और देखा कि घायल पति खून से सना पड़ा है और उसकी पत्नी पास ही खड़ी है।

इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नीशू खून से लथपथ सुखबीर के पास खड़ी है और आस-पड़ोस के लोगों पर चिल्लाती दिखाई दे रही है। वह पड़ोसियों से यह कहती सुनी गई कि अब तुम सब देखने आ गए, जब यह मुझे मारता है, तब क्यों नहीं आते?

आरोपी ने खुद पुलिस को दी सूचना

हमला करने के बाद आरोपी महिला नीशू ने स्वयं डॉयल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पत्नी वहां से फरार हो चुकी थी। पुलिस ने तत्काल गंभीर रूप से घायल सुखबीर को नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे सिविल अस्पताल यमुनानगर रेफर कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही सुखबीर ने दम तोड़ दिया। सिविल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।

दो साल से मानसिक रूप से परेशान चल रही महिला

मृतक के भतीजे सुशील कुमार ने बताया कि नीशू (जो दीक्षा भी कहलाती थी) की यह दूसरी शादी थी और दोनों के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र 4 से 9 साल के बीच है। सुशील ने बताया कि दीक्षा (नीशू) पिछले दो साल से मानसिक रूप से परेशान थी और एक बार उसने अपने बाल भी काट लिए थे। चाचा सुखबीर के शराब पीने की आदत के कारण दोनों में आए दिन झगड़े होते थे। 

परिवार ने पहले भी सुखबीर से नीशू का इलाज करवाने या उसे सुरक्षित स्थान पर रखने को कहा था, लेकिन सुखबीर ने यह कहकर मना कर दिया था कि वह उसकी पत्नी है और उसके साथ ही रहेगी। प्रतापनगर थाना प्रभारी नर सिंह ने पुष्टि की है कि आरोपी पत्नी नीशू को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे पारिवारिक विवाद का मामला बताया है। यह घटना वैवाहिक कलह के खौफनाक अंजाम और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर चुनौतियों को दर्शाती है। 

Tags:    

Similar News